विज्ञापन

सरेराह चेन स्नैचिंग की कोशिश, महिला की सतर्कता से बची चेन, लेकिन लॉकेट ले उड़े बदमाश 

हरदा में दिनदहाड़े महिला से चेन स्नैचिंग की कोशिश ने लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बाइक सवार बदमाश झपट्टा मारकर लॉकेट लेकर फरार हो गए, हालांकि महिला की सतर्कता से बड़ी वारदात टल गई.

सरेराह चेन स्नैचिंग की कोशिश, महिला की सतर्कता से बची चेन, लेकिन लॉकेट ले उड़े बदमाश 

हरदा में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की कोशिश ने एक बार फिर लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सड़क पर चल रही एक महिला को बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया, लेकिन उसकी सतर्कता ने बड़ी वारदात टाल दी. हालांकि, झपट्टे में बदमाश उसके गले से लॉकेट तो छीनकर भाग निकले.  

सड़क पर अचानक हुआ हमला

घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है, जहां शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच यह वारदात हुई. शिक्षक कॉलोनी निवासी वर्षा यादव अपनी बेटी के साथ कोचिंग से घर लौट रही थीं. तभी इंदौर रोड स्थित न्यू गुरुकृपा होटल के पास पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले पर झपट्टा मार दिया.

सतर्कता से बची चेन, पेंडल लेकर भागे बदमाश

बदमाशों का निशाना महिला की चेन थी, लेकिन वर्षा यादव ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए उसे बचा लिया. झपट्टे के दौरान चेन का पेंडल और थोड़ा हिस्सा टूटकर आरोपियों के हाथ लग गया, जबकि पूरी चेन गले में ही रह गई. महिला की इस सतर्कता से एक बड़ी वारदात टल गई.

घटना के बाद महिला ने तुरंत अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद वह थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

CCTV फुटेज से तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है. फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बदमाशों तक पहुंचा जाएगा.

पहले भी हो चुकी है ऐसी कोशिश

पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे वही गिरोह हो सकता है, जिसने 29 मई को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जैसानी चौक के पास एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया था. उस मामले में भी महिला की समझदारी के चलते बदमाश खाली हाथ भाग गए थे.

आरोपियों की तलाश तेज, जल्द गिरफ्तारी का दावा
फिलहाल पुलिस ने विशेष टीम गठित कर दी है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से शहर के लोगों में डर का माहौल भी बनता जा रहा है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com