विज्ञापन

जीवनसाथी डॉट कॉम से महिलाओं को बनाते थे निशाना, फिर नशीला पदार्थ खिलाकर करते थे लूट

रायपुर में जीवनसाथी डॉट कॉम के जरिए महिलाओं को फंसाकर नशीला पदार्थ देकर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस ने दो अंतरराज्यीय आरोपियों को दिल्ली और हरिद्वार से गिरफ्तार किया है. आरोपी महिलाओं का विश्वास जीतकर उन्हें निशाना बनाते थे.

जीवनसाथी डॉट कॉम से महिलाओं को बनाते थे निशाना, फिर नशीला पदार्थ खिलाकर करते थे लूट
रायपुर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया.

मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए शादी का सपना दिखाकर महिलाओं को फंसाना और फिर उन्हें नशीला पदार्थ देकर लूट लेना. रायपुर पुलिस ने ऐसे ही एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है. जीवनसाथी डॉट कॉम के जरिए महिलाओं का भरोसा जीतकर उन्हें निशाना बनाने वाले दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.  

जीवनसाथी डॉट कॉम से साधते थे निशाना

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अभिनव सिंह महिलाओं से जीवनसाथी डॉट कॉम के जरिए संपर्क करता था. बातचीत के दौरान वह खुद को भरोसेमंद और गंभीर रिश्ते के इच्छुक व्यक्ति के रूप में पेश करता था. धीरे-धीरे वह महिलाओं का विश्वास जीत लेता था और उनसे व्यक्तिगत मुलाकात की बात करता था.

जन्मदिन पार्टी के बहाने दिया झांसा

रायपुर के खम्हारडीह इलाके की एक युवती को भी इसी तरह निशाना बनाया गया. आरोपी ने युवती को भरोसे में लेकर जन्मदिन मनाने के बहाने उसके घर पहुंचा. वहां उसने खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया, जिससे महिला बेहोश हो गई और उसे अपनी सुध नहीं रही.

जब पीड़िता बेहोश हो गई, तो आरोपी ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात समेट लिए और मौके से फरार हो गया. होश आने पर जब पीड़िता को घटना का एहसास हुआ, तो उसने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

साइबर ट्रैकिंग से पकड़ में आए आरोपी

मामले की जांच में जुटी खम्हारडीह थाना पुलिस ने तकनीकी और साइबर जांच का सहारा लिया. मोबाइल लोकेशन और डिजिटल सबूतों की मदद से आरोपियों का पता लगाया गया. इसके बाद पुलिस टीम ने दिल्ली और हरिद्वार में दबिश देकर मुख्य आरोपी अभिनव सिंह और उसके साथी हितिन नरूला को गिरफ्तार कर लिया.

कई राज्यों में फैला था नेटवर्क

पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी अलग-अलग राज्यों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम देते थे. वे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए महिलाओं को टारगेट करते और मौका मिलते ही उन्हें लूट लेते थे. फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि इस गिरोह ने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close