विज्ञापन
This Article is From Jun 13, 2025

ऑनलाइन कुत्ता खरीदने के नाम पर महिला से ठगे 1.93 लाख रुपये, पति के डर से खाया जहर, मौत के बाद दर्ज हुआ केस

Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ऑनलाइन कुत्ता खरीदने के नाम पर एक महिला से 1.93 लाख रुपये की ठगी हुई. ठगी का पता चलने पर महिला ने अपने पति के डर से जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.

ऑनलाइन कुत्ता खरीदने के नाम पर महिला से ठगे 1.93 लाख रुपये, पति के डर से खाया जहर, मौत के बाद दर्ज हुआ केस
सांकेतिक तस्वीर
Meta AI

MP Online Fraud: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ऑनलाइन ठगी का एक अजीब मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला को ऑनलाइन कुत्ता खरीदने के नाम पर ठगों ने शिकार बनाया. ठगों ने पहले महिला से ओटीपी लिया और फिर उसके खाते से 1.93 लाख रुपए निकाल लिए. जब महिला को ठगी का एहसास हुआ तो वह  भयभीत होकर इतने अवसाद मे चली गई कि उसने जहर खा लिया. गंभीर हालत में इलाज के दौरान बीती देर रात उसकी मौत हो गई. 

मामला ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र स्थित भट्ट वाली पहाड़ी, कृष्णा नगर का है. यहां की रहने वाली 36 वर्षीय रीना प्रजापति के पति ट्रांसपोर्टर हैं. रीना कुछ दिनों से ऑनलाइन एक पालतू कुत्ता खरीदना चाह रही थीं. वह मोबाइल पर वेबसाइट्स सर्च कर रही थीं. इसी दौरान वे एक फर्जी वेबसाइट पर पहुंच गईं, जहां उन्हें एक पपी दिखाया गया, जिसकी कीमत मात्र 5 हजार रुपए बताई गई. रीना ने जैसे ही उस डॉग को खरीदने की इच्छा जताई, ठगों ने उन्हें ऑनलाइन पेमेंट के लिए कहा और एक लिंक भेजा और फिर ओटीपी मांगा. रीना ने जैसे ही ओटीपी साझा किया, उनके खाते से धड़ाधड कुल 1 लाख 93 हजार रुपए उड़ गए. 

पति के डर से खाया जहर! 

ठगी का पता चलने पर रीना घबरा गईं. उन्होंने न तो अपने पति राजेंद्र प्रजापति को कुछ बताया और न ही किसी और को. पति के डर और मानसिक दबाव में आकर उन्होंने जहर खा लिया. जब पति राजेंद्र घर पहुंचे तो रीना की हालत बेहद खराब थी. वे तुरंत रीना को पास के निजी अस्पताल लेकर गए लेकिन  हालत बिगड़ती देख रीना को दूसरे अस्पताल और फिर जयारोग्य अस्पताल रेफर किया गया, जहां देर रात   इलाज के दौरान रीना की मौत हो गई. 

क्या बोला पति? 

परिजन रीना के शव को उसके मायके गांव ले गए, जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया. रीना अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गई है. पति का कहना है कि रीना ने ठगी की बात कभी साझा नहीं की, अगर समय रहते उन्हें पता चल जाता तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी. घटना की सूचना मिलने पर पुरानी छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के पति राजेंद्र की शिकायत पर अज्ञात ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि यह मामला गंभीर है. ठगों ने कुत्ता बेचने के नाम पर महिला को झांसे में लेकर ओटीपी के जरिए उसके खाते से रकम निकाल ली. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस साइबर टीम को भी लगाया गया है. 

ये भी पढ़ें- एयर इंडिया विमान हादसे वाली जगह पर पहुंचे पीएम मोदी, अस्पताल जाकर घायल से भी मिले

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com