MP News: ग्वालियर में जनसुनवाई में आई एक महिला 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई और हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर आत्मदाह करने की धमकी देने लगी. कलेक्ट्रेट परिसर के पीछे स्थित पानी की टंकी पर चढ़ने से अचानक अफरा-तफरी मच गई. बताया गया कि महिला कलेक्टर जनसुनवाई में आई थी, वह 20 लाख रुपये की आर्थिक मदद मांग रही थी. उसका कहना है कि उसे 20 लाख रुपये की सहायता का आश्वासन दिया गया था.
महिला का कहना है कि उसके पति और दो बच्चों की मौत हो चुकी है, जिसके चलते वह आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी है. उसने जिला प्रशासन से 20 लाख रुपये आर्थिक सहायता की मांग की. उसका कहना है कि वह मुख्यमंत्री से लेकर कलेक्टर और एसपी के दफ़्तरों के चक्कर लगा-लगाकर तंग आ गई है.
आर्थिक मदद नहीं मिली तो टंकी पर चढ़ी
मंगलवार दोपहर को महिला कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में पहुंची थी. वह अपने साथ पेट्रोल भी लेकर आई थी. जनसुनवाई में पहुंचकर उसने उसने तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की, जब उसे आर्थिक सहायता नहीं मिली तो वह कलेक्ट्रेट के पीछे बनी पानी की टंकी पर चढ़ गई. भीषण गर्मी में महिला को 60 फीट ऊंची टंकी पर चढ़कर चिल्लाने से अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जुट गई. सूचना पर प्रशासन और पुलिस के आला अफसर भी मौके पर पहुंचे. काफी देर चली समझाइश के बाद महिला को नीचे उतारा और सहायता का आश्वासन दिया गया. इसके बाद उसे परिजनों के साथ घर भेज दिया गया.
न्याय दो या दे दो फांसी, सूदखोरों से परेशान महिला का जनसुनवाई में हंगामा, पति खा चुका है जहर