Gwalior Crime News: ग्वालियर शहर में एक बार फिर छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं. दिनदहाड़े एक निजी स्कूल की छात्रा के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है. घटना उस समय हुई जब छात्रा स्कूल बस से उतरकर अपने घर जा रही थी. इसी दौरान सफेद रंग की कार से आए युवकों ने उसे जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया. हालांकि छात्रा की सूझबूझ और साहस के कारण आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद परिजनों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
घर जाते वक्त हुआ हमला
यह घटना ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र की है. यहां रहने वाली एक निजी स्कूल की छात्रा रोज की तरह स्कूल बस से उतरकर अपने घर की ओर पैदल जा रही थी. तभी अचानक पीछे से आई सफेद रंग की एक कार छात्रा के पास रुकी. कार में सवार युवकों ने छात्रा को बहला-फुसलाकर और जबरदस्ती दो बार कार में बैठाने की कोशिश की. छात्रा को जैसे ही खतरे का अंदेशा हुआ, उसने हिम्मत दिखाते हुए अपने घर की ओर दौड़ लगा दी.

Gwalior Crime News: ग्वालियर छात्रा अपहरण प्रयास
छात्रा की सूझबूझ से टली बड़ी वारदात
छात्रा के चिल्लाने और तेजी से भागने के कारण कार सवार युवक घबरा गए और मौके से फरार हो गए. डरी-सहमी छात्रा किसी तरह घर पहुंची और पूरी घटना अपने परिजनों को बताई. इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर बहोड़ापुर थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और प्राथमिक जांच शुरू की गई.
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई कार
पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई. जांच के दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की कार के फुटेज पुलिस को मिले हैं, जिसका नंबर MP07 4561 बताया जा रहा है. फुटेज में छात्रा को कार में बैठाने की कोशिश साफ तौर पर दिखाई दे रही है. हालांकि अब तक कार सवार युवकों की पहचान नहीं हो सकी है.
पुलिस का दावा, जल्द होंगे आरोपी गिरफ्तार
बहोड़ापुर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपहरण के प्रयास का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है और उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग की है.
यह भी पढ़ें : Kidnapping Case: रीवा में BJP नेता का फिल्मी स्टाइल में अपहरण; अश्लील वीडियो बनाकर मांगे गए एक करोड़ रुपये
यह भी पढ़ें : भोपाल का बदनाम ऐशबाग 90 डिग्री ओवरब्रिज; 10 महीने की खींचतान खत्म, रि‑डिजाइन के बाद जल्द खुलेगा जनता के लिए
यह भी पढ़ें : 'बड़ी बेशर्मी के साथ कहा मैं नहीं गाऊंगी,' कांग्रेस पर बरसे CM मोहन, कहा- राष्ट्रीय गीत के अपमान पर मौन क्यों?
यह भी पढ़ें : PMKVY में MP नंबर वन; 47 आईटीआई को 9+ रेटिंग, CM मोहन ने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना पर ये कहा