ग्वालियर में शिवपुरी लिंक रोड स्थित नवीन लोहा मंडी के पास झाड़ियों में गुरुवार सुबह कांस्टेबल अंकित तोमर (36 वर्ष) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. तोमर के शरीर पर चोट के निशान हैं. वह दो दिन से लापता था. शव पुलिस वर्दी में मिला. वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती जांच में हत्या की आशंका भी जताई जा रही है. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.
दो दिन से था लापता
वर्तमान में डीआरपी पुलिस लाइन में पदस्थ था और वह सरकारी डाक लेकर मुरैना के अम्बाह गया था, लेकिन वापिस घर नहीं लौटा. अब दो दिन बाद कांस्टेबल अंकित का झाड़ियों में शव मिला है. सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई. पुलिस आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
बता दें कि अंकित तोमर की पिता की ऑन ड्यूटी मौत के बाद वर्ष 2018 में अनुकम्पा नियुक्ति हुई थी. हालांकि वह शराब पीने का आदी था. इसके अलावा वो पैरालाइटिक अटैक से भी पीड़ित था, यही वजह है कि उसका भांजा ड्यूटी पर छोड़ने और लेने जाता था.
सरकारी डाक लेकर निकला कांस्टेबल दो दिन से था लापता
अंकित के जीजा भूपेंद्र सिंह के अनुसार, वह बुधवार को मुरैना जिले के अम्बाह विभागीय डाक लेकर गया था, उसके बाद शाम को परिजन से उसकी बात हुई थी. परिजन से कहा था कि थोड़ी देर में आ रहा हूं, लेकिन कुछ समय बाद उसका मोबाइल बंद हो गया. अंकित अविवाहित था और शराब पीने का आदी था.
मृतक के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मृतक अंकित की कोहनी और एडी पर चोट के निशान है. संभवतः एडी में फ्रैक्चर हुआ है. पुलिस का मानना है कि अंकित के शरीर पर मिले चोट के निशान उसकी हत्या जैसे जघन्य अपराध की पुष्टी नहीं करता. मृतक के पैर से एक जूता गायब है. पुलिस ने मौके पर पड़ताल भी की है, लेकिन पुलिस को ना ही अंकित का जूता मिला है और ना ही कोई सुराग हाथ लगा है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस कांस्टेबल का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की सूचना मिलते ही SSP धर्मवीर सिंह, सीएसपी रॉबिन जैन, थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार, फोरेंसिक टीम सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. मामले की बारीकी से पड़ताल की जा रही है.
ये भी पढ़ें: भोपाल में एक्स गर्लफ्रेंड पर युवक ने किया चाकू से हमला, गर्दन, चेहरा, पीठ और हाथों पर जमकर किए वार
ये भी पढ़ें: दावनबोद सरपंच की याचिका खारिज; छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला, चुनाव प्रक्रिया पर रोक नहीं