मध्य प्रदेश के ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में स्थित एक बैंक में आधी रात सेंधमारी कर चोरी का प्रयास करने का मामला सामने आया है. आरोपी बैंक के पीछे बने बाथरूम को तोड़कर अंदर घुसा था. हालांकि जैसे ही चोर बैंक में घुसा तो बैंक के बाहर पुलिस की गाड़ी का सायरन बजने लगा, जिसे सुनते ही चोर घबराकर मौके से फरार हो गया. पूरी गतिविधि बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने एक चोर की पहचान कर दबोच लिया.
बाथरूम को तोड़कर बैंक में घुसा चोर
यह मामला ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र का है. यहां मानसिक आरोग्यशाला चौराहे पर पंजाब नेशनल बैंक स्थित है. 10 जून की रात यहां बैंक के पीछे बनी बाथरूम को तोड़कर चोर बैंक में अंदर घुस गया और यहां चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन चोरी करने से पहले ही चोर को पुलिस की आहट हो गई और चोर यहां से भाग निकला. चोर की यह करतूत सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई. बाद में बैंक के अस्सिटेंट मैनेजर अरविन्द सिंह ने मामले की जानकारी पुलिस को दी.
CCTV से पकड़ा गया आरोपी
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान संजय उर्फ बुल्ली भदोरिया के रूप में हुई है, जो पागलखाने तिराहे के पास सुनारों की बगिया इलाके का रहने वाला है. पुलिस ने फिलहाल आरोपी को हिरासत में ले लिया है.
पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा. पूछताछ के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी. क्या वह अन्य चोरी या सेंधमारी की वारदातों में भी शामिल रहा है?
ये भी पढ़ें: जबलपुर में महिला को गोली मारकर युवक ने खुद को उतारा मौत के घाट, दोनों थे बिजनेस पार्टनर