ग्वालियर में सराफा कारोबारी के साथ ठगी का मामला सामने आया है. राजस्थान की शातिर गैंग ने सुनार को झांसे में लेकर असली सोने की मोहरें दिखाईं और मशीन पर जांच कराई. जैसे ही दुकान पर वापस आने लगे तो जेब से नकली सोने की मोहरें निकालकर कारोबारी को थमाईं और दस लाख रुपये नगद और पांच लाख रुपये के जेवरात लेकर ठग दुकान से चले गए.
कारोबारी को संदेह हुआ तो दोबारा सोने की जांच की, तो पता लगा कि सोना नकली है. इसके बाद कारोबारी अपने साथियों के साथ ठगों के पीछे लगा और आकाशवाणी तिराहे के पास से एक ठग को पकड़ लिया, हालांकि उसके बाकी साथी भाग निकले. पकड़े गए आरोपी से पूछताछ चल रही है.
पुराना ग्राहक था आरोपी
दरअसल, ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र के सदर बाज़ार में विकास जैन की दुकान है. उनकी दुकान पर लंबे समय से राजस्थान का रहने वाला सुंदर भोपा सोना लेकर आता था और रुपये उधार लेकर चला जाता था. वह कई बार सोना गिरवी रखकर रुपये ले गया था और ब्याज सहित पैसा वापस दे जाता था.
चाय वाले का बेटा बनेगा डॉक्टर, रीवा नगर निगम के सामने ठेला लगाते हैं पिता, बेटे सलमान ने रचा इतिहास
40 ग्राम की सात मोहरें थीं
गुरुवार को वह अपने साथी रामलाल, मौसा सुभाराम, मौसी जना के साथ आया. ये लोग सोने की मोहरें लेकर आए. इनके पास सात मोहरें थीं, जिनका वजन करीब 40 ग्राम था. इस सोने को गिरवी रखने की बात कही. विकास ने पास ही बनी लैब में सोना दिखवाया. यहां सोना असली था, लेकिन दुकान पर आते समय सोना सुंदर ने ही रख लिया.
दोबारा जांच में नकली निकला
इस दौरान दूसरी जेब से नकली मोहरें निकालकर थमाईं और 15 लाख रुपये ले लिए. इसके बाद ये चले गए. विकास को संदेह हुआ तो दोबारा सोने की जांच करवाई. इस दौरान पता लगा कि सोना नकली है. फिर ये खुद ही पीछे लगे और एक आरोपी सुंदर को पकड़ लिया है.
इंसान-मगरमच्छ की अनोखी दोस्ती अब NCERT किताबों में, छत्तीसगढ़ के 'गंगाराम' को मिलेगी नई पहचान
आरोपी से पूछताछ की जा रही है
सीएसपी रॉबिन जैन का कहना है कि पुलिस पूरे मामले में जांच-पड़ताल कर रही है. दुकान और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं, साथ ही पकड़े गए आरोपी से उसके अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है.