'आपकी आशाओं पर खरी नहीं उतर सकी', सुसाइड नोट लिख ITBP जवान की बेटी ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली

Madhya Pradesh Hindi News: ग्वालियर में 11वीं की छात्रा ने आत्महत्या की है. उसका हाल ही में रिजल्ट आया था. इसमें उसके कम नंबर आए थे.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में एक नाबालिग छात्रा ने गुरुवार सुबह पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है. इसमें लिखा है- मैं आपकी आशाओं पर खरी नहीं उतर सकी.

जानकारी के अनुसार, बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के घोसीपुरा गिर्राज जी मंदिर के पास रहने वाली 17 वर्षीय ट्विंकल अहिरवार पुत्री श्याम कुमार अहिरवार छात्रा थी. उसके पिता श्याम कुमार अहिरवार आईटीबीपी जवान (ITBP Jawan) हैं. बीती रात ट्विंकल अपनी मां दीप्ति के साथ सोई थी. बुधवार सुबह लगभग सात बजे दीप्ति को बगल वाले कमरे से गोली चलने की आवाज आई. गोली की आवाज सुनते ही वह दूसरे कमरे में पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था.

Advertisement

खिड़की तोड़कर कमरे में घुसना पड़ा

अंदर से ट्विंकल के कराहने की आवाज आ रही थी. उसने तुरंत खिड़की से झांका तो अंदर ट्विंकल घायल पड़ी थी. इसके बाद उन्होंने कमरे की खिड़की तोड़ी और भतीजे गौरव उर्फ अंश को अंदर भेजा. अंदर जाकर भतीजे ने गेट खोला और अंदर जाकर देखा तो पास ही ट्विंकल के पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर पड़ी थी और ट्विंकल के सीने से खून निकल रहा था, जो खून से लथपथ पड़ी थी.

11वीं की छात्रा था मृतका

पुलिस को अब तक की जांच में पता चला है कि मृतका 11वीं की छात्रा है और कुछ दिन पहले ही उसका परीक्षा परिणाम आया था, जिसमें उसके नंबर कम आए थे. इससे पुलिस का मानना है कि उसने नंबर कम आने पर जान दी है.

पुलिस को छात्रा के कमरे की तलाशी में एक सुसाइड नोट मिला है. सुसाइड नोट अंग्रेजी में है, जिसमें छात्रा ने लिखा है कि मैं आपकी आशा पर खरी नहीं उतरी. पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें- मकान गिरवी रखकर की शादी, दुल्हन गहने लेकर हो गई फरार, इंतजार करता रहा दूल्हा