विज्ञापन

होटल में ले जाकर मांग में भरा सिंदूर, बोला- अब बन गए पति-पत्‍नी, फ‍िर पार की हैवान‍ियत की सारी हदें

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शादी का झांसा देकर और मांग में सिंदूर भरकर एक 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया. आरोपी ने पीड़िता को नशीला पदार्थ देकर उसके आपत्तिजनक वीडियो बना लिए और बाद में उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

होटल में ले जाकर मांग में भरा सिंदूर, बोला- अब बन गए पति-पत्‍नी, फ‍िर पार की हैवान‍ियत की सारी हदें
gwalior crime news college student raped after fake-marriage
प्रतीकात्मक फोटो

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बेहद सनसनीखेज और शर्मनाक मामला सामने आया है. यहां एक 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा को शादी का झांसा देकर, उसकी मांग में सिंदूर भरकर पति-पत्नी होने का नाटक किया गया और फिर नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया. इतना ही नहीं, आरोपी ने छात्रा के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और अंततः उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. पीड़िता की शिकायत पर पड़ाव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

कैलारस के अभिषेक जादौन से हुई थी दोस्ती

जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के पड़ाव थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय पीड़िता एक निजी कॉलेज में पढ़ाई करती है. कुछ समय पहले उसकी दोस्ती मुरैना के कैलारस निवासी अभिषेक जादौन से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती प्यार में बदल गई. आरोपी अभिषेक ने छात्रा के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे छात्रा ने सच मानकर स्वीकार कर लिया.

वृंदावन के होटल में मांग भरकर किया दुष्कर्म

शादी का झांसा देने के बाद आरोपी अभिषेक छात्रा को घुमाने के बहाने उत्तर प्रदेश के वृंदावन ले गया. वहां वे दोनों एक होटल में करीब पांच दिनों तक ठहरे. होटल में रुकने के दौरान आरोपी ने एक दिन अचानक छात्रा की मांग में सिंदूर भर दिया और कहा कि "अब से हम पति-पत्नी हो गए हैं." उसने जल्द ही समाज के सामने रीति-रिवाज से शादी करने का पूरा भरोसा दिलाया.

छात्रा का विश्वास जीतने के बाद, आरोपी ने उसके खाने में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया. जब छात्रा बेहोश हो गई, तो आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया. इसी दौरान उसने छात्रा के कई आपत्तिजनक और अश्लील फोटो व वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए.

ब्लैकमेल कर अलग-अलग होटलों में किया शोषण

वृंदावन से ग्वालियर लौटने के बाद आरोपी का असली चेहरा सामने आया. वह उन अश्लील फोटो और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर छात्रा को ब्लैकमेल करने लगा. आरोपी ने ग्वालियर के 'होटल अंबिका' सहित कई अन्य स्थानों पर छात्रा को बंधक बनाकर रखा और लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा.

दबाव बनाने पर सोशल मीडिया पर वायरल किए VIDEO

जब प्रताड़ना हद से बढ़ गई, तो पीड़िता और उसके परिवार ने आरोपी अभिषेक पर तुरंत शादी करने का दबाव बनाया. इस पर आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद, बीती 20 अप्रैल को आरोपी ने पीड़िता के अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर वायरल कर दिए.

पुलिस कर रही है आरोपी की तलाश

वीडियो वायरल होने और धोखा मिलने के बाद पीड़िता अपने परिवार के साथ पड़ाव थाने पहुंची और न्याय की गुहार लगाई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है. एडिशनल एसपी (ASP) जयराज कुबेर ने बताया कि पीड़ित छात्रा की शिकायत के आधार पर आरोपी अभिषेक जादौन के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है. फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close