Hettich India: धार जिले के इंडस्ट्रियल इलाके पीथमपुर में जर्मनी के फर्नीचर फिटिंग ब्रांड हेटिक (HETTICH) की भारतीय इकाई हेटिक इंडिया ने गुरुवार को घोषणा की कि उसने प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के पास पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में 700 करोड़ रुपए के निवेश से अपना नया कारखाना शुरू किया है. 700 करोड़ रुपए के नए निवेश से संयंत्र के साथ भारत में कंपनी का कुल निवेश बढ़कर 2,000 करोड़ रुपए पहुंच गया है.
ये भी पढ़ें-Simhastha 2028: साधु-संतों के लिए अनिवार्य होगा AADHAAR, उज्जैन में बहुरुपियों की पहचान के लिए 'कालनेमी अभियान'
अब तक कुल 2,000 करोड़ रुपए का निवेश कर चुकी है हेटिक इंडिया
हेटिक इंडिया चेयरमैन ने बताया कि नए संयंत्र में क्वाड्रो अंडरमाउंट रनर नाम के पुर्जे के 50 लाख सेट हर साल बनाए जा सकते हैं. संयंत्र के जरिए भारत के साथ ही दुनिया के कई देशों को इस पुर्जे की आपूर्ति की जाएगी. उन्होंने बताया कि हेटिक इंडिया ने देश में अब तक कुल 2,000 करोड़ रुपए का निवेश किया है और पीथमपुर के अलावा गुजरात के वडोदरा में भी कंपनी के कारखाने चल रहे हैं.
700 करोड़ की नई परियोजना से युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद
माना जा रहा है कि 700 करोड़ के निवेश की नई परियोजना से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है. वर्तमान में हेटीक के हिंज प्लांट में लगभग 700 लोग कार्यरत हैं, जबकि नई यूनिट के शुरू होने से करीब 300 अतिरिक्त प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है. इसके साथ ही कंपनी स्थानीय ITI और तकनीकी संस्थानों के साथ मिलकर युवाओं को आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग तकनीकों का प्रशिक्षण भी दे रही है.
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा नया संयंत्र
गौरतलब है पीथमपुर में 25,700 वर्ग मीटर में फैला हेटिक इंडिया कंपनी का नया संयंत्र अत्याधुनिक क्वाड्रो अंडरमाउंट रनर का निर्माण करेगा.इन पुर्जों को ड्रॉअर के नीचे स्थापित किया जाता है और इनका इस्तेमाल महंगे फर्नीचर व मॉड्यूलर रसोई में व्यापक रूप से किया जाता है. कंपनी के प्रबंधन के अनुसार यह यूनिट भारत की बढ़ती मांग को पूरा करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात के लिए भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.