रीवा के पाठ्य पुस्तक निगम के गोदाम में सोमवार रात आग लग गई. संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग की वजह को शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. बता दें कि यह वही गोदाम है, जहां से दो ट्रक किताबें यानी लगभग 495 बंडल किताबें गायब है. भोपाल से तीन लोगों की टीम जांच के लिए रीवा में मौजूद है.
आग लगने की सूचना मिलते ही एसडीम अनुराग तिवारी सहित चोरहटा थाने के टीआई पवन शुक्ला मौके पर पहुंच गए. फायर ब्रिगेड को बुलाया गया और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया.
समय रहते जानकारी मिलने पर गोदाम के अंदर ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है. बताया जा रहा है कि आग जहां लगी, वहां पर मुफ्त में सरकारी स्कूल में बच्चों को बांटने वाली किताबें रखी थी, जबकि जो किताबें गायब हैं, वह बाजार में बिकने वाली किताबें है.
दो तरह की किताबें छापता है निगम
दरअसल, इस गोदाम में पाठ्यपुस्तक निगम के द्वारा छापी गई किताबें रखी जाती हैं. पाठ्य पुस्तक निगम दो तरह की किताबें छापता है. एक सरकारी स्कूल में बच्चों को मुफ्त में देने के लिए, जबकि दूसरी बाजार में बेचने के लिए. गोदाम से गायब हुईं किताबें बाजार में बिकने वाली हैं. इसकी जांच चल रही है.
रीवा के चोरहटा थाने में एफआईआर दर्ज है. पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है. पाठ्य पुस्तक निगम अलग से जांच करवा रहा है. माना जा रहा है पाठ्य पुस्तक निगम के इस घोटाले में कई लोग शामिल हैं. हालांकि, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है, लेकिन आग लगने की टाइमिंग तमाम तरीके के सवालों को जन्म भी दे रही है.
ये भी पढ़ें- Rain Alert in MP: 10 दिन बाद फिर झमाझम बारिश, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट