बच्चों से मिलने की तड़प में दी जान! पिता का भावुक वीडियो वायरल, ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप

रीवा से सामने आई एक दिल दहला देने वाली घटना में बच्चों से दूर किए जाने के दर्द से टूटे एक पिता ने आत्महत्या कर ली. मरने से पहले बनाए गए भावुक वीडियो में उसने पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Father Suicide Case Emotional video: रीवा से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही बच्चों से दूर किए जाने के दर्द को बर्दाश्त न कर पाने के कारण मौत को गले लगा लिया. मरने से पहले बनाया गया उसका भावुक वीडियो अब हर किसी को सोचने पर मजबूर कर रहा है. वीडियो में उसने अपनी पत्नी, सास‑ससुर और साले पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

भावुक वीडियो बनाकर ली जान

मृतक की पहचान रीवा निवासी चंदन पासी के रूप में हुई है. चंदन ने अपने मोबाइल में एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपने दिल का दर्द बयां किया. वीडियो में वह कहता है कि वह अपने बच्चों से मिलने के लिए तरस गया है और इस तरह की जिंदगी का कोई मतलब नहीं रह गया है. उसने साफ शब्दों में कहा कि अगर उसे इंसाफ नहीं मिला, तो “रोज एक चंदन मरता रहेगा.”

Advertisement

ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

वीडियो में चंदन ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी, सास‑ससुर और साले ने उसे बच्चों से दूर कर दिया. जब भी वह पत्नी और बच्चों को मनाने जाता, तो उसे धमकियां मिलती थीं. उसने यह भी कहा कि चार दिनों से उसने कुछ खाया नहीं था और मानसिक रूप से वह पूरी तरह टूट चुका था.

कई सालों से चल रहा था पारिवारिक विवाद

परिजनों के अनुसार, चंदन की शादी कई साल पहले कंचन पासी से हुई थी. शादी के बाद वह पत्नी के साथ रीवा शहर में अलग‑अलग किराए के मकानों में रहता रहा. बार‑बार घर बदलना उसकी मजबूरी बन गई थी. पत्नी अक्सर ससुराल चली जाती थी, जिससे चंदन और ज्यादा परेशान रहने लगा.

बच्चों से मिलने की नहीं मिलती थी इजाजत

चंदन के भाई‑बहन बताते हैं कि वह अपने बच्चों से बहुत प्यार करता था और उनके भविष्य के लिए मेहनत कर रहा था. वह सब्जी का व्यवसाय करता था और लगातार काम में लगा रहता था. लेकिन पत्नी और ससुराल पक्ष की ओर से उसे बच्चों से मिलने तक नहीं दिया जाता था.

Advertisement

लापता होने के बाद मिला शव

बीते दिन चंदन अचानक घर से लापता हो गया. भाई‑भाभी ने उससे फोन पर बात भी की और घर लौटने को कहा, लेकिन वह वापस नहीं आया. कुछ समय बाद उसका शव बरामद हुआ, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

पुलिस जांच में जुटी

रायपुर कर्चुलियान थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी ने बताया कि चंदन का शव सीतापुर मोड़ के पास मिला है. प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों से जुड़े हर पहलू की पड़ताल की जा रही है.

Advertisement