विज्ञापन

MP में बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ लाठियां बरसाईं, रहम की भीख मांगता रहा; दबंगों के आतंक का सामने आया वीडियो

लगातार पिटाई करने तक भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वे लगातार उस पर लाठियां बरसाते रहे. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.

अधेड़ को जमीन पर गिराकर जमकर पीटा.
NDTV

मध्य प्रदेश के भिंड जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है. दबंगों ने पुरानी रंजिश और इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए एक अधेड़ को रास्ते में घेरकर जमकर पीटा. लाठी-डंडों से इस कदर पीटा गया कि वह रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन आरोपी हैवानियत पर उतारू थे. मामला जिले के मालनपुर थाना क्षेत्र का है.

जानकारी के मुताबिक, मालनपुर थाना क्षेत्र के घिरोंगी गांव निवासी करतार सिंह बघेल (50) अपने एक साथी के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे. तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे जयसिंह गुर्जर और उसके आधा दर्जन साथियों ने उन्हें रोक लिया. आरोप है कि सभी आरोपी लाठी-डंडों से लैस थे और उन्होंने करतार सिंह को चारों ओर से घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. कभी गढ्ढे में डालकर पीटा तो कभी सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा.

दबंगों का नहीं पसीजा दिल

वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि घायल बुजुर्ग दर्द से तड़पते हुए लगातार रहम की गुहार लगा रहा है, लेकिन दबंगों का दिल नहीं पसीजा. एक आरोपी सिर को छोड़कर पूरे शरीर पर लगातार लाठियां बरसाता रहा, जबकि अन्य आरोपी भी लात-घूंसों और डंडों से हमला करते रहे. मारपीट के बाद आरोपी घायल बुजुर्ग को अधमरी हालत में सड़क पर छोड़कर फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल करतार सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है.

पुरानी रंजिश में की मारपीट

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही थी. इसी रंजिश और इलाके में अपना वर्चस्व कायम रखने के मकसद से आरोपियों ने इस हमले को अंजाम दिया. बताया जा रहा है कि घटना दो दिन पुरानी है, लेकिन मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई.

पीड़ित की शिकायत के आधार पर मालनपुर थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है. सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने एक बार फिर जिले में दबंगों के बढ़ते हौसलों और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ये भी पढ़ें- कब शुरू होगा उज्जैन-झालावाड़ फोरलेन का काम? सिंहस्थ-2028 के लिए बहुत जरूरी; फिर बदल गई टेंडर की तारीख

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com