विज्ञापन

दहेज प्रताड़ना केस: धार कोर्ट परिसर में बवाल, पेशी के दौरान दो पक्षों में मारपीट, क्रॉस FIR दर्ज

दहेज प्रताड़ना प्रकरण की सुनवाई के दौरान धार कोर्ट परिसर में मायके और ससुराल पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए. दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर मारपीट में बदल गई.

दहेज प्रताड़ना केस: धार कोर्ट परिसर में बवाल, पेशी के दौरान दो पक्षों में मारपीट, क्रॉस FIR दर्ज
मायके और ससुराल पक्ष में मारपीट

धार जिला न्यायालय परिसर गुरुवार दोपहर उस समय रणक्षेत्र में बदल गया, जब दहेज प्रताड़ना के एक मामले की सुनवाई के दौरान मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए. कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, पीथमपुर निवासी हिना राठौर अपने पति रवि राठौर के खिलाफ चल रहे दहेज प्रताड़ना प्रकरण में आपत्ति प्रस्तुत करने धार जिला न्यायालय पहुंची थीं. उनके साथ उनके माता-पिता भी मौजूद थे. इसी दौरान पति रवि राठौर, ससुर, सास, जेठ और जेठानी भी न्यायालय परिसर पहुंच गए.

दोनों पक्षों के बीच मारपीट

इसी बीच दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया और यह झगड़ा कुछ ही समय में मारपीट में बदल गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौजूद अधिवक्ताओं ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया.

हिना राठौर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी 11 माह की बेटी को लेने के दौरान ससुराल पक्ष ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उनके पति ने बच्ची को जमीन पर पटक दिया, जिससे उसके हाथ में चोट आई. बीच-बचाव करने पहुंचे उनके माता-पिता के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है.

क्रॉस FIR दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और नौगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया. पुलिस ने हिना राठौर की शिकायत पर पति रवि राठौर सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत पर हिना राठौर और उनकी मां के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है.

नौगांव थाना प्रभारी हीरु सिंह रावत के मुताबिक, दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: इंदौर राजा हत्याकांड: आजाद रहेगी सोनम रघुवंशी, बेटे के लिए न्याय का इंतजार कर रहे परिवार को लगा झटका

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close