विज्ञापन

बाबा बागेश्वर करने वाले हैं शादी! कौन होगी दुल्हन? VIDEO में देखें धीरेंद्र शास्त्री का मजेदार बयान 

बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपनी शादी को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि गुरु की आज्ञा मिल चुकी है और माता जी से लड़की देखने के लिए कह दिया गया है. शास्त्री 21 दिनों तक बद्रीनाथ में साधना करेंगे, जिसके बाद शादी की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ सकती है.

बाबा बागेश्वर करने वाले हैं शादी! कौन होगी दुल्हन? VIDEO में देखें धीरेंद्र शास्त्री का मजेदार बयान 

Dhirendra Shastri Marriage Update: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने साफ कहा है कि उनकी शादी तय है और बहुत जल्द खुशखबरी मिलेगी. उन्होंने बताया कि गुरु जी की आज्ञा मिल चुकी है और उन्होंने माता जी से लड़की देखने के लिए कह दिया है. धीरेंद्र शास्त्री का कहना है कि उनके जीवन में जो बातें उन्होंने कही हैं, वे देर से सही, लेकिन पूरी हुई हैं और इस बार भी ऐसा ही होगा.

शादी पर धीरेंद्र शास्त्री का बयान

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि “गुरु जी की आज्ञा हुई है. हमने माता जी को आज ही बोला है कि लड़की देख लो. शादी निश्चित रूप से होगी और बहुत जल्द अच्छी खबर आएगी." उन्होंने आगेजोड़ा कि उनके जीवन का सिद्धांत रहा है जो बातें कही हैं, वे पूरी होकर रहती हैं. इस बार भी शादी माता जी की पसंद से होगी. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 

बद्रीनाथ में 21 दिन की साधना

धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि वे 21 दिनों तक बद्रीनाथ में साधना करेंगे, जिसमें 5 दिन की विशेष तपस्या शामिल होगी. उनका कहना है कि साधना पूर्ण होने के बाद विवाह की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी. इस घोषणा के बाद उनके अनुयायियों में उत्सुकता बढ़ गई है, क्योंकि लंबे समय से उनकी शादी को लेकर अटकलें लगती रही हैं.

‘यह मेरी व्यक्तिगत इच्छा नहीं'

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विवाह व्यक्तिगत इच्छा से नहीं, बल्कि गुरु की आज्ञा और माता की पसंद के आधार पर होगा. यानी परिवार और परंपरा के अनुरूप ही अगला कदम उठाया जाएगा. इसी वजह से उन्होंने तारीख और दुल्हन का नाम अभी साझा नहीं किया, लेकिन भरोसा दिलाया कि “खुशखबरी जल्दी मिलेगी.”

पहले भी शादी पर दे चुके हैं संकेत

मेरठ में मार्च 2025 की कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने ‘नीला ड्रम' हत्याकांड पर दुःख जताते हुए मजाकिया अंदाज में कहा था “भगवान की कृपा से मेरी शादी नहीं हुई है.” वहीं, करीब तीन महीने पहले मथुरा में दिए एक इंटरव्यू में भी उन्होंने कहा था “शादी बिल्कुल करेंगे.” अब उनके नए बयान के बाद यह साफ है कि व्यवहारिक तैयारी शुरू हो चुकी है.

जल्द आ सकती है ‘गुड न्यूज़'

धीरेंद्र शास्त्री की इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया और उनके दरबार में चर्चा तेज हो गई है, कौन होगी दुल्हन? हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया है कि माता जी की पसंद के बाद ही सब कुछ सामने आएगा. फिलहाल उनके समर्थक बद्रीनाथ साधना के पूर्ण होने के बाद आधिकारिक घोषणा का इंतज़ार कर रहे हैं.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close