10वीं की छात्रा से रेप का आरोपी गिरफ्तार, पीथमपुर परीक्षा केंद्र पर नाबालिग ने बच्चे को दिया था जन्म

Pithampur Exam Centre Child Born: छात्रा पीथमपुर के एक निजी स्कूल में 24 फरवरी को दसवीं का पेपर दे रही थी. इसी दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद वो वॉशरूम गई और वहां एक नवजात शिशु को जन्म दिया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Pithampur Exam Centre Child Born: धार के पीथमपुर के एक निजी स्कूल में बने परीक्षा केंद्र पर नाबालिग छात्रा द्वारा नवजात शिशु को जन्म देने के चर्चित मामले में बेटमा पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार आरोपी को 12 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

वॉशरूम में नाबालिग ने नवजात को दिया था जन्म

दरअसल, यह मामला 24 फरवरी 2026 को उस समय सामने आया था, जब पीथमपुर के एक निजी स्कूल में बने परीक्षा केंद्र में दसवीं की परीक्षा दे रही नाबालिग छात्रा ने परीक्षा के दौरान वॉशरूम में एक नवजात शिशु को जन्म दिया था. घटना के सामने आते ही स्कूल परिसर और क्षेत्र में हड़कंप मच गया था. इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय मीडिया और सोशल मीडिया पर खबरें तेजी से फैलने लगीं, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी का माहौल बन गया.

Advertisement

आरोपी ने डेढ़ साल तक किया दुष्कर्म

बाद में नाबालिग छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका परिचित कान्हा बर्मन उसे बहला-फुसलाकर पीथमपुर की जीवन ज्योति कॉलोनी स्थित अपने किराए के कमरे पर ले गया था. पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने करीब डेढ़ साल तक लगातार उसके साथ दुष्कर्म किया.

आरोपी गिरफ्तार

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पहले पीथमपुर सेक्टर-1 थाना और बाद में बेटमा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 65(1), 64(2)M तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(L)/6, 3/4 और 5(j)(ii)/6 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी बेटमा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. टीम ने नाबालिग के घर के आसपास रहने वाले लोगों और किरायेदारों से पूछताछ कर आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी धार जिले के मनावर थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है.

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 12 मार्च 2026 को आरोपी कान्हा बर्मन (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद आरोपी को देपालपुर स्थित माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया.

ये भी पढ़ें: Open Board Exam: छत्तीसगढ़ में जेल को बनाया जाएगा परीक्षा केंद्र, 25 कैदी देंगे बोर्ड एग्जाम, 4 नक्सल बंदी भी होंगे शामिल

Advertisement
Topics mentioned in this article