MP News: मध्य प्रदेश के दमोह जिले के गैसाबाद पुलिस थाना इलाके के मोहरई गांव में एक युवक ने अपने दोस्त को वीडियो कॉल कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल बताया जा रहा है. मृतक की शिनाख्त 30 वर्षीय रोहित राय के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले उसने अपने दोस्त को वीडियो कॉल कर पूरी समस्या बताई और कुछ ही देर बाद फांसी के फंदे पर झूल गया.
वीडियो कॉल में बताई ब्लैकमेलिंग की बात
जानकारी के अनुसार, रोहित राय ने अपने दोस्त से वीडियो कॉल पर कहा कि गांव का ही घनश्याम अहिरवार उसे दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसे मांग रहा है. रोहित ने बताया कि वह पहले ही आरोपी को 2 लाख रुपये दे चुका है, लेकिन अब उससे 50 हजार रुपये और मांगे जा रहे हैं. पैसे न देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही थी. दोस्त उसे लगातार समझाने की कोशिश करता रहा, लेकिन कुछ देर बाद रोहित ने पेड़ पर चढ़कर गले में फंदा डाल लिया और कूद गया.

damoh man suicide on video call blackmail allegation in Madhya pradesh
परिवार ने लगाया ब्लैकमेलिंग का आरोप
घटना के बाद दमोह जिले की गैसाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए हटा सिविल अस्पताल भेजा. मृतक के भाई बृजेंद्र राय ने आरोप लगाया कि घनश्याम अहिरवार लंबे समय से रोहित को ब्लैकमेल कर रहा था. उनका कहना है कि रोहित ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो भी बनाया था, जिसमें उसने 2 लाख रुपये देने और फिर 50 हजार रुपये की मांग किए जाने की बात कही है. रोहित गांव में किराने की दुकान चलाता था.
दोस्त को कॉल कर बताई पूरी घटना
मृतक के पिता ने बताया कि रोहित ने कचनारी गांव निवासी सत्यम उपाध्याय को वीडियो कॉल कर पूरी बात बताई. बातचीत के दौरान ही वह फांसी के फंदे पर झूल गया. सत्यम ने तुरंत गांव के आकाश पटेल को जानकारी दी. आकाश घर पहुंचा और परिवार को बताया कि रोहित ने फांसी लगा ली है. परिवार का आरोप है कि घनश्याम अहिरवार पहले भी कई लोगों के खिलाफ झूठी शिकायतें कर चुका है. उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने शुरू की जांच
गैसाबाद थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.