विज्ञापन

CM मोहन यादव ने जीतू पटवारी को 'दो कौड़ी का अध्यक्ष' कहा, पटवारी बोले- ये उनकी सोच, हम पुतले नहीं जलाएंगे

सीएम मोहन यादव के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को 'टपोरी' कहने वाले बयान के बाद से मध्य प्रदेश में सियासत गरमा गई है. कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने इस पर पलटवार किया है. जानिए, यह पूरा विवाद कैसे शुरू हुआ.

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी.

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बीच तीखी जुबानी जंग के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है. जीतू पटवारी ने एक संवाद कार्यक्रम में सीएम को 'मोहन लाल अभिनंदन यादव' कहा था, जिस पर सीएम ने पलटवार करते हुए उन्हें 'ढपोर शंख' और 'दौ कौड़ी का प्रदेश अध्यक्ष' कहा था. इसके बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस हमलावर हो गई है और पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह से लेकर अन्य कांग्रेसी नेताओं ने सीएम यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.

कैसे शुरू हुआ विवाद?

दरअसल, यह जुबानी जंग तब शुरू हुई थी, जब जीतू पटवारी ने पिछले दिनों सतना में कांग्रेस के युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया था. उस दौरान उन्होंने हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव पर तंज कसा था और उन्हें 'मोहन लाल अभिनंदन यादव' कहा था. साथ ही कहा था कि सीएम की विदाई का समय आ गया है और उल्टी गिनती शुरू हो गई है.

फिर सीएम का पलटवार

इसके बाद डॉ मोहन यादव शाजापुर जिले के शुजालपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पटवारी के खिलाफ आक्रामक हो गए. उन्होंने कहा, 'वो कहते हैं अभिनंदन लाल. हां, हम हैं अभिनंदन लाल,- तुम टपोरी लाल, ढपोर शंख. जितने नाम याद करोगे, सब तुम पर जाने वाले हैं.'

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पर हमला जारी रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस आज अपने कर्मों का फल भोग रही है और पूरे देश से उसका सूपड़ा साफ हो गया है. उन्होंने कहा, 'जब देश में संकट आए तो नेता प्रतिपक्ष भाग जाए। जब प्रदेश में विकास की बयार चले तो इनका 'दो कौड़ी का प्रदेश अध्यक्ष' हाय रे, हाय रे करे.' सीएम यही नहीं रुके। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद उन्होंने कांग्रेस का 'इतना रद्दी अध्यक्ष' नहीं देखा.

हमें मुख्यमंत्री की घृणा का जवाब पुतले जलाकर नहीं देना है! जनहित के लिए इसी प्रकार लड़ते रहना है, जनहित के प्रश्न भी पूछते रहना है!

जीतू पटवारी

पीसीसी चीफ

अब पटवारी ने क्या कहा

जीतू पटवारी ने सीएम के बयान पर एक्स पर लिखा, "मुख्यमंत्री जी, आपने मुझे रद्दी कहा, दो कौड़ी का कहा और गालियां भी दी, तो क्या किसान के बेटे आपके लिए रद्दी और दो कौड़ी के हैं ही? चुनाव तो अटल जी भी हारे थे, तो यह शब्द उनके लिए भी हैं या नहीं? हां, मैं फिर संकल्प लेता हूं, 2028 में किसान के बेटों, मध्य प्रदेश की जनता की करप्शन/कमीशन रहित सरकार 100% बनेगी! जनता सब देख रही है मुख्यमंत्री जी और एक बात और किसी का अहंकार ज्यादा दिनों तक नहीं रहता."

सत्ता का घमंड न करिए- कमलनाथ

उधर, कांग्रेस के सीनियर नेता कमलनाथ ने भी सीएम डॉ मोहन यादव पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री जी, पद के अभिमान में भाषा की मर्यादा नहीं भूलनी चाहिए. आपने कांग्रेस पार्टी और पार्टी नेतृत्व के बारे में अत्यंत अशोभनीय बातें कहीं हैं. आपने जो आरोप लगाए हैं वे भी दुर्भावनापूर्ण हैं. आप मेडिकल कालेज की बात करते हैं, लेकिन बताइए कि उनमे से चालू कितने हैं?"

कमलनाथ ने आगे कहा, "भाजपा सरकारें मेडिकल कॉलेज के लिए नहीं, व्यापम और नर्सिंग घोटाले के लिए कुख्यात हैं. मेडिकल कॉलेज छिंदवाड़ा में चल रहा है, जो मेरी सरकार में शुरू हुआ था. विकास देखना है तो कभी अच्छे मन से छिंदवाड़ा आइए. धार्मिक आचरण समझना है तो बजरंगबली की सबसे ऊंची मूर्ति के सिमरिया में दर्शन करिए. महाकाल कॉरिडोर भी मेरी सरकार में शुरू हुआ था. सत्ता का घमंड ना करिए। 2018 में हम सब ने मिलकर भाजपा को हराया था. भाजपा 2020 में जनता नहीं, लोकतंत्र की हत्या से सत्ता में आयी थी. 2023 में भी आप लोग वोट चोरी से जीते हो. भाजपा का षड्यंत्र बेनकाब हो चुका है. जनता भाजपा की विदाई का मन बना चुकी है, इसलिए ख़ुशी ख़ुशी सामान बाँधना शुरू कर दीजिए."

सीएम माफी मांगें- दिग्विजय सिंह

पूर्व सीएम व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, "मुख्यमंत्री जैसे गरिमापूर्ण संवैधानिक पद पर रहते हुए डॉ मोहन यादव द्वारा PCC अध्यक्ष जीतू पटवारी के लिए इस्तेमाल किए गए अपशब्दों की मैं घोर निंदा करता हूं. मुख्यमंत्री तत्काल माफी मांगें, प्रदेश अध्यक्ष का अपमान समूची कांग्रेस पार्टी का अपमान है. ये हम बर्दाश्त नहीं करेंगे."

ये भी पढ़ें- गेहूं खरीदी में MP बना देश में नंबर-1, CM मोहन यादव बोले- इस बार वर्ष लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close