Madhya Pradesh Crime News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बड़ामलहरा थाना क्षेत्र में बच्चों का एक मामूली सा विवाद सोमवार को अचानक हिंसक संघर्ष में बदल गया. आरोप है कि बच्चों की कहासुनी के बाद दो पक्षों में तनाव बढ़ा और देखते ही देखते हमला हो गया. लाठी-डंडों और फरसे से हुए इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा.
परिजनों के अनुसार, कल्लू खटीक के बच्चे और वीरू परमार के बच्चे आपस में खेल रहे थे. खेल के दौरान बच्चों के बीच छोटी सी कहासुनी हो गई. बात यहीं खत्म होने के बजाय, यह विवाद बड़ों तक पहुंच गया और हालात बिगड़ते चले गए.
आरोपियों ने घर पहुंचकर किया हमला
परिवार का कहना है कि कहासुनी के बाद वीरू परमार, सुरेन्द्र परमार, उत्तम सिंह और विजय सिंह कथित रूप से नशे की हालत में कल्लू खटीक के घर पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने अचानक लाठी-डंडों और फरसे से हमला कर दिया. इस हमले में कल्लू खटीक (26) और मजले खटीक बुरी तरह घायल हुए. हमले के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई.
पुलिस थाने पहुंचा घायल परिवार
मारपीट के बाद दोनों घायल किसी तरह बड़ामलहरा थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने दोनों का मेडिकल परीक्षण करवाया. प्राथमिक इलाज के बाद स्थिति गंभीर होने पर कल्लू खटीक को जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया गया.
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल बड़ामलहरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस बच्चों के विवाद से शुरू हुए इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.