E-Rickshaw Accident: छतरपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. तेज रफ्तार ट्रैक और ई-रिक्शा की टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही तीन मासूम जिंदगियां बुझ गईं, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच यह हादसा हर किसी को अंदर तक हिला गया.
मतगुवा पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
यह हादसा बिजावर रोड स्थित मतगुवा पेट्रोल पंप के पास हुआ. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक वाहन ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही हड़कंप मच गया.
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
इस हादसे में सुमन आदिवासी (16 वर्ष), सोमवती आदिवासी (8 वर्ष) और भूरा आदिवासी (5 वर्ष) की मौत हो गई. ये तीनों एक ही परिवार के थे. मासूम बच्चों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
जानकारी के अनुसार, ईशानगर थाना क्षेत्र के हटनाई गांव के रहने वाले करंजू आदिवासी अपने परिवार के साथ सटई क्षेत्र से ई-रिक्शा में घर लौट रहे थे. उसी दौरान सामने से आ रहे ट्रैक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी.
पांच लोग गंभीर रूप से घायल
हादसे में करंजू आदिवासी (41 वर्ष), कन्हैया आदिवासी (14 वर्ष), गेंदा आदिवासी (38 वर्ष) समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में किशन आदिवासी भी शामिल हैं, जो टैक्सी चालक हैं और मृतकों के बहनोई बताए जा रहे हैं. सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है.
पुलिस पहुंची मौके पर, चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया. टीआई अंकुर चौबे के मुताबिक, हादसे के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रैक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है. इस हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है.