Bhopal Girl Stabbed: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका पर बीच सड़क चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. युवती की गर्दन, चेहरा, पीठ और हाथों पर गहरे घाव मिले हैं. इस दौरान जब पीड़िता की बड़ी बहन बचाने आई तो उस पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे उसके गाल पर गंभीर चोट आई है. दोनों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है. वहीं, आरोपी अभी फरार है.
घटना छोला मंदिर थाना क्षेत्र के शंकर नगर इलाके में मंगलवार शाम लगभग 4 बजे की है. उस दौरान दोनों बहनें घर के पास जा रही थीं, तभी आरोपी अक्षय चंदेल ने रास्ता रोककर विवाद शुरू कर दिया. कहासुनी के बाद देखते-देखते ही अक्षय ने पूर्व प्रेमिका को बीच सड़क पर ही चाकू से गोदना शुरू कर दिया.
जान से मारने की धमकी देकर हुआ फरार
घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी हमला करते दिख रहा है. लोगों की भीड़ जुटते ही आरोपी मौके से फरार हो गया और जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला. घायल युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है, अस्पताल में उसका इलाज जारी है.
छोला मंदिर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें- VIDEO: उज्जैन में मामूली विवाद पर युवक को चाकू घोंपकर मार डाला, CCTV में वारदात कैद, आरोपी फरार