विज्ञापन

एमपी में मुस्लिम समाज की गाय को राष्ट्रीय पशु बनाने की मांग, गोहत्या करने वालों के खिलाफ हो सख्त कार्रवाई

भोपाल में स्लॉटर हाउस और गोहत्या के मामले पर मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. उन्होंने गायों को सब्जियां खिलाकर अपना विरोध दर्ज कराया और गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिए जाने की मांग की.

एमपी में मुस्लिम समाज की गाय को राष्ट्रीय पशु बनाने की मांग, गोहत्या करने वालों के खिलाफ हो सख्त कार्रवाई

Madhya Pradesh Cow Slaughter Case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्लॉटर हाउस (Slaughterhouse, बूचड़खाना) और गोहत्या (Cow Slaughter) का मामला तूल पकड़ चुका है. इसी बीच राजधानी में गोहत्या के विरोध में मुस्लिम समाज के लोग सड़कों पर उतरे और अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने गायों को सब्जियां खिलाईं.

मुस्लिम समाज (Muslim Community) ने गोहत्या पर विरोध दर्ज कराते हुए अनोखे तरीके से प्रदर्शन करने के साथ गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिए जाने की मांग की. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि राजधानी समेत अन्य हिस्सों में गोहत्या बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यह मामला पूरी तरह किसी धर्म या राजनीतिक दल से जुड़ा हुआ नहीं है, बल्कि इंसानियत और मानवता से जुड़ा हुआ है. इस पर पूरी तरह रोक लगनी चाहिए.

बिना संरक्षण के नहीं चल सकता बूचड़खाना

मुस्लिम समाज ने राजधानी में गोहत्या के लिए नगर निगम (Municipal Corporation) के साथ महापौर (Bhopal Mayor) को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उन्हें नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए. प्रदर्शनकारियों ने गोहत्या में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग करते हुए कहा कि यह काम बगैर संरक्षण के नहीं चल सकता है. इसमें कई लोग शामिल हैं और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.

गोहत्या करने वालों को नहीं बख्शा जाए

इसके साथ ही, उन्होंने गौमाता को राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिए जाने की भी मांग उठाई. इस विरोध प्रदर्शन में शामिल नेताओं का कहना है कि गोहत्या के मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए.

दरअसल, पिछले दिनों राजधानी में एक स्लॉटर हाउस से गोमांस की आपूर्ति का मामला सामने आया था, जिसको लेकर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन भी हुआ था. इतना ही नहीं, शहर के बीचों-बीच स्थित इस स्लॉटर हाउस की मंजूरी पर भी सवाल उठे. स्लॉटर हाउस से जुड़े कारोबारी पर रोहिंग्या शरणार्थियों को बसाने तक का भी आरोप लगा था.

ये भी पढ़ें- MP-Chhattisgarh News Live: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से जुड़ी खबरें यहां पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close