Bhopal-Bhusawal Train: अर्चना चिटनिस की पहल से भोपाल-भुसावल ट्रेन का रास्ता साफ, विधानसभा में संकल्प पारित

विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि भोपाल और भुसावल के बीच लंबी दूरी की कई ट्रेनें संचालित हैं, किंतु सामान्य श्रेणी के डिब्बों की कमी और बिना आरक्षण यात्रा की कठिनाइयों के कारण आम नागरिकों, विद्यार्थियों, मरीजों तथा दैनिक यात्रियों को अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Bhopal–Bhusawal Rail Service Proposal Passed in MP Assembly

Bhopal Bhusawal Rail Service: बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस ने मप्र विधानसभा सत्र में भोपाल से भुसावल के बीच नई ट्रेन या मेमू रेल सेवा शुरू करने का अशासकीय संकल्प प्रस्तुत किया. इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव को सदन ने सर्वसम्मति से पारित कर रेल मंत्रालय, भारत सरकार को भेजने का निर्णय लिया है. जिससे क्षेत्र के लाखों नागरिकों को बेहतर रेल सुविधा मिलने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है.

संकल्प प्रस्तुत करते हुए विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि भोपाल और भुसावल के बीच लंबी दूरी की कई ट्रेनें संचालित हैं, किंतु सामान्य श्रेणी के डिब्बों की कमी और बिना आरक्षण यात्रा की कठिनाइयों के कारण आम नागरिकों, विद्यार्थियों, मरीजों तथा दैनिक यात्रियों को अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है. भोपाल, बुरहानपुर, हरदा, खंडवा, टिमरनी, खिड़किया और इटारसी जैसे महत्वपूर्ण शहरों के यात्रियों के लिए यह मार्ग अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने कहा कि भोपाल प्रदेश की राजधानी होने के कारण शिक्षा, चिकित्सा और प्रशासनिक कार्यों के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है. पूर्व में वर्ष 1975 से 1980 के बीच इस मार्ग पर एक ट्रेन संचालित थी, जिसे उस समय यात्रियों की कमी के कारण बंद कर दिया गया था. वर्तमान में यात्रियों की संख्या में कई गुना वृद्धि हो चुकी है और नई रेल सेवा की आवश्यकता अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है.

सीहोर के सेठ जुम्मालाल की कर्जदार ब्रिटिश सरकार, 109 साल पहले दिए 35 हजार, अब पोता करेगा वसूली; कौन है रूठिया परिवार

मौजूदा ट्रेन को भोपाल तक बढ़ाने का सुझाव

विधायक अर्चना चिटनिस ने व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करते हुए कहा कि यदि नई ट्रेन स्वीकृत करना संभव न हो, तो वर्तमान में संचालित ट्रेन संख्या 11115 और 11116 को भोपाल तक बढ़ाया जाए. उन्होंने बताया कि यह ट्रेन इटारसी पहुंचने के बाद लगभग 17 घंटे तक यार्ड में खड़ी रहती है, जबकि इसी अवधि में यह भोपाल जाकर पुनः इटारसी लौट सकती है. उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में खंडवा से बुरहानपुर के लिए रात एक बजे ट्रेन चलती है, जिसमें यात्रियों की संख्या कम रहती है. यदि यह ट्रेन भोपाल तक बढ़ाकर पलटकर चलाई जाए, तो सुबह पांच बजे खंडवा से ट्रेन उपलब्ध हो सकेगी, जिससे आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी.

Advertisement

ग्रामीण अंचलों और व्यापार को मिलेगा बड़ा लाभ

अर्चना चिटनिस ने कहा कि इस रेल सेवा से मार्ग के छोटे-छोटे ग्रामीण स्टेशनों को भी सीधा लाभ मिलेगा, जिससे किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों का आवागमन सरल होगा. बुरहानपुर, भुसावल और भोपाल के बीच बेहतर रेल संपर्क स्थापित होने से क्षेत्र के आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी.

7 नाम, एक चेहरा... रेडिकल छात्र से रेड कमांडर तक, जानें जंगल के 'भूत' देवजी की असल कहानी

सरकार की ओर से पूर्ण समर्थन

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि विधायक अर्चना चिटनिस द्वारा पर्याप्त अध्ययन और जनहित को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण विषय सदन के समक्ष रखा गया है, जिससे पूरे क्षेत्र को निश्चित रूप से लाभ होगा. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से इस प्रस्ताव को विधि अनुसार केंद्र सरकार को भेजा जाएगा. सभापति ने घोषणा की कि यह सदन केंद्र शासन से अनुरोध करता है कि भोपाल से भुसावल के बीच नई ट्रेन या मेमू रेल सेवा शुरू की जाए.

Advertisement