भिंड शहर में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के वनखंडेश्वर रोड स्थित गोपाल गौशाला के पास एक कुत्ते की लाठियों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना का वीडियो भी सामने आया है. मामले में इंसानियत समिति की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह इंसानियत समिति के अध्यक्ष अनंत इंसानियत को फोन पर सूचना मिली कि गोपाल गौशाला के पास एक बेजुबान पशु गंभीर हालत में पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही समिति की टीम एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंची, लेकिन वहां कुत्ता मृत अवस्था में मिला. समिति के सदस्यों के मुताबिक, पशु के मुंह से खून निकल रहा था और उसके शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे थे.
समिति के सदस्यों ने लोगों से की पूछताछ
घटना की जानकारी जुटाने के लिए समिति के सदस्यों ने मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों से पूछताछ की. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शंकर सिंह कुशवाह नामक व्यक्ति ने कुत्ते के साथ लाठियों से बेरहमी से मारपीट की थी. आरोप यह भी है कि मारपीट करने के बाद कुत्ते को रस्सी से बांधकर एक बड़े पत्थर के सहारे छोड़ दिया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई.
कुत्ते के शव का पोस्टमार्टम कराया गया
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया. इंसानियत समिति के सदस्यों ने वीडियो को पुलिस के सामने प्रस्तुत करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. पशु की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए उसका पोस्टमार्टम भी कराया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी.
सख्त कार्रवाई होनी चाहिए
इंसानियत समिति के अध्यक्ष अनंत इंसानियत ने कहा कि बेजुबान जीवों के साथ इस तरह की हिंसा किसी भी सभ्य समाज के लिए बेहद गंभीर और चिंताजनक विषय है. उन्होंने कहा कि जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता रखना समाज की जिम्मेदारी है और ऐसे मामलों में कानून के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में बेजुबान जानवरों के साथ इस तरह की क्रूरता दोबारा न हो.
आरोपी पर एफआईआर
घटना के बाद इंसानियत समिति के सदस्य सिटी कोतवाली पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी. शिकायत के साथ कथित मारपीट का वीडियो भी पुलिस को सौंपा गया. पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.