प्रेमी जोड़े को पुणे से उठा ले आई TI मौसी, युवक बोला- अपहरण कर पीटा, जान से मारने की धमकी दी, प्रेमिका को ले गईं

Betul News: युवक का आरोप है कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसके निशान उसके शरीर पर अब भी दिखाई दे रहे हैं. उसका कहना है कि राधा यादव ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी और दबाव बनाकर कोरे कागजों पर लिखवाया गया कि वह अंकिता से कोई संबंध नहीं रखेगा.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Betul Crime News: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक युवक ने अपनी लिव-इन रिलेशनशिप पार्टनर की कथित टीआई मौसी पर अपहरण, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं. युवक का कहना है कि टीआई मौसी उसकी लिव-इन पार्टनर को भी जबरन अपने साथ ले गई. मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक बैतूल ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दे दिए हैं. मामला बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र अंतर्गत दुनावा चौकी से जुड़ा है.

पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में पीड़ित युवक चिनु पंडोले ने बताया है कि वह पिछले पांच महीनों से अंकिता यादव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में महाराष्ट्र के पुणे में रह रहा था. दोनों आपसी सहमति से 5 फरवरी को कोर्ट मैरिज करने वाले थे. उसका आरोप है कि कोर्ट मैरिज से पहले प्रेमिका अंकिता यादव की मौसी राधा यादव, जो इंदौर में पुलिस विभाग में टीआई के पद पर पदस्थ बताई जा रही हैं, अपने कुछ लोगों के साथ पुणे पहुंचीं और दोनों को जबरन कार में बैठाकर बैतूल ले आईं.

कागज पर लिखवाया कोई संबंध नहीं रखेगा

युवक का आरोप है कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसके निशान उसके शरीर पर अब भी दिखाई दे रहे हैं. पीड़ित का आरोप है कि राधा यादव ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी और दबाव बनाकर कोरे कागजों पर लिखवाया गया कि वह अंकिता यादव से कोई संबंध नहीं रखेगा. पीड़ित का आरोप है कि उसे बैतूल गंज स्थित होटल और दुनावा चौकी में रखकर भी मारपीट की गई. इसके बाद उससे दबाव बनाकर वीडियो भी बनवाया गया.

परिवार को भी दी जा रही धमकियां

इसके बाद राधा यादव दुनावा चौकी से अंकिता को जबरन अपने साथ ले गईं और युवक को उसके घर छोड़कर शिकायत नहीं करने की धमकी दी गई. पीड़ित ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि राधा यादव पिछले कई महीनों से उसके घर रात के समय जाकर परिवार को जातिगत गालियां देती हैं, मारपीट करती हैं और जान से मारने की धमकियां दे रही हैं. पीड़ित के अनुसार, टीआई राधा यादव द्वारा उसके चाचा को कॉल पर दी गई धमकियों की कॉल रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी गई है.

Advertisement

जांच के बाद करेंगे कार्रवाई

हालांकि, अब मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस अधीक्षक बैतूल ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. उनका कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी.

Topics mentioned in this article