विज्ञापन

अनियंत्रित पिकअप वाहन ने लोगों को कुचला, 1 महिला की मौत, 2 गंभीर; सड़क पर बस खड़े होने से हादसा 

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम बस स्टैंड के पास अमरकंटक तिराहा पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. अनियंत्रित पिकअप वाहन ने पैदल चल रही महिलाओं को कुचल दिया, जिसमें एक बैगा महिला की मौके पर मौत हो गई और दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं.

अनियंत्रित पिकअप वाहन ने लोगों को कुचला, 1 महिला की मौत, 2 गंभीर; सड़क पर बस खड़े होने से हादसा 

Anuppur Road Accident Today: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. राजेंद्रग्राम बस स्टैंड के पास अमरकंटक तिराहा पर एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने सड़क किनारे पैदल चल रहे लोगों को रौंद दिया. इस हादसे में एक बैगा महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे की वजह सड़क पर अवैध रूप से खड़ी बसों को बताया जा रहा है, जिससे आए दिन खतरा बना रहता है.

अमरकंटक तिराहा पर दर्दनाक हादसा

यह हादसा अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम बस स्टैंड से निकलने वाले अमरकंटक तिराहा पर हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे चल रहे राहगीरों को कुचलते हुए निकल गया. हादसा इतना भीषण था कि एक बैगा महिला की मौके पर ही मौत हो गई.

दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल

हादसे में घायल हुई दो महिलाओं को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुष्पराजगढ़ ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई.

अवैध बस पार्किंग बनी हादसे की वजह

स्थानीय व्यापारी  दीपक दुबे और प्रत्यक्षदर्शी रामनाथ रजक का कहना है कि हादसे की मुख्य वजह सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी बसें हैं. राजेंद्रग्राम बस स्टैंड से निकलने वाली करीब 80 बसें बस स्टैंड से बाहर निकलते ही रीवा‑अमरकंटक मुख्य मार्ग पर खड़ी कर दी जाती हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है.

पहले भी हो चुकी हैं दुर्घटनाएं

ग्रामीणों का कहना है कि बसों की इस तरह की पार्किंग से पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं. रास्ता जाम रहने के कारण छोटे वाहन और पैदल चलने वाले लोग हमेशा खतरे में रहते हैं. लोगों का आरोप है कि प्रशासन को कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

हादसे के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बसों की अवैध पार्किंग पर तत्काल रोक लगाई जाए और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे हादसे दोबारा भी हो सकते हैं.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close