Ladli Behna Yojana: सीहोर जिले के आष्टा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में डॉ. मोहन यादव ने महिलाओं के सशक्तिकरण और विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं की. इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक लाडली बहनों के खातों में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि 35वीं किस्त के रूप में ट्रांसफर की. मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही प्रदेश के समग्र विकास का आधार है और सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने आष्टा क्षेत्र के लिए आईटीआई, छात्रावास, सड़कों के चौड़ीकरण, नहर निर्माण, विद्युत व्यवस्था और अन्य कई विकास परियोजनाओं की घोषणा की. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के हर वर्ग यानी महिला, युवा, किसान और गरीब के उत्थान के लिए सरकार निरंतर कार्य करती रहेगी. इस मौके पर आष्टा में मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए करीब दो किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला गया, जिसमें भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी. जगह-जगह पुष्प वर्षा और मालाओं से उनका स्वागत किया गया. शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 184 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. इनमें सड़क, पुल, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं.
महिलाओं को 33% आरक्षण को बताया ऐतिहासिक कदम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने जा रहा है. यह निर्णय नीति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी को नई दिशा देगा. उन्होंने भारतीय संस्कृति में महिलाओं के सम्मान को रेखांकित करते हुए कहा कि देश में माताओं और बहनों को देवी स्वरूप माना जाता है और यही हमारी पहचान है.
डॉ. अंबेडकर के विचारों को किया याद
मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव अंबेडकर का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण को विशेष महत्व दिया. उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं.
शिक्षा और युवाओं के लिए भी सरकार ने की बड़ी पहल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब बच्चे प्राइवेट स्कूलों को छोड़कर शासकीय स्कूलों में प्रवेश ले रहे हैं, यह मजबूत होती शिक्षा व्यवस्था को दर्शाता है. हमारी सरकार बच्चों को निःशुल्क शिक्षा के साथ किताबें, गणवेश, साइकिल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है. इतना ही नहीं, बल्कि हायर सेकेंडरी में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के लिए लैपटॉप भी दिए जा रहे हैं. इसके साथ ही अपने स्कूल में टॉप करने वाले बच्चों को स्कूटी दी जा रही है. उन्होंने युवाओं को राजनीति सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
संदीपनी स्कूल का लोकार्पण, छात्रों से संवाद
मुख्यमंत्री ने आष्टा और जावर में करोड़ों रुपये की लागत से बने संदीपनी स्कूल भवनों का लोकार्पण किया. इस दौरान उन्होंने छात्रों से संवाद किया और उनके भविष्य को लेकर मार्गदर्शन दिया. उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं.
यह भी पढ़ें- ओलावृष्टि से फसल तबाही के बीच सियासी जंग: अतिक्रमण विवाद में गोविंद सिंह ने रातों‑रात तुड़वाई बाउंड्री, हाईकोर्ट तक पहुंचा था मामला
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. सिंचाई क्षेत्र का विस्तार हुआ है और किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदा जा रहा है. साथ ही 24 घंटे बिजली और सस्ती दरों पर कनेक्शन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें- 'NDA परीक्षा के दौरान समय से पहले ही गेट कर दिया गया बंद', इतने छात्र एग्जाम देने से रह गए वंचित