विज्ञापन
This Article is From Apr 15, 2025

अब किस संकट में फंसे सोनिया और राहुल? ED की चार्जशीट से गरमाई सियासत

National Herald Case: नेशनल हेराल्ड केस में ईडी ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है. आरोप है कि दोनों ने अपनी निजी कंपनी 'यंग इंडियन' के जरिए 'एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड' (AJL) की 2,000 करोड़ रुपये की संपत्ति हड़पने के लिए आपराधिक साजिश रची.

अब किस संकट में फंसे सोनिया और राहुल? ED की चार्जशीट से गरमाई सियासत
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी

Sonia Gandhi Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी एक बार फिर मुश्किलों में फंसते नजर आ रहे हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ‘नेशनल हेराल्ड' मामले में अपने आरोपपत्र में कहा है कि कांग्रेस नेताओं ने इसकी मूल कंपनी एजेएल की 2,000 करोड़ रुपये की संपत्ति ‘हड़पने' के लिए ‘आपराधिक साजिश' रची थी. जांच एजेंसी ने दावा किया कि इसके लिए उन्होंने 99 प्रतिशत शेयर महज 50 लाख रुपये में अपनी निजी कंपनी ‘यंग इंडियन' को हस्तांतरित कर दिए, जिसमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी बहुलांश शेयरधारक हैं. 

विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने की अदालत के समक्ष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की विभिन्न धाराओं के तहत दायर अभियोजन शिकायत में संघीय जांच एजेंसी ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को आरोपी नंबर एक और उनके बेटे तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आरोपी नंबर दो बनाया है. 

सैम पित्रोदा का भी नाम 

कांग्रेस के ओवरसीज प्रमुख सैम पित्रोदा के खिलाफ भी दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है. इस चार्जशीट में सुमन दुबे और अन्य लोगों के नाम भी शामिल हैं. कोर्ट ने इस मामले में आरोपों पर संज्ञान लेने की सुनवाई की तारीख 25 अप्रैल तय की है.

क्या है पूरा मामला? 

ED सूत्रों के अनुसार, 661.69 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी AJL, जबकि लगभग 90.21 करोड़ रुपये की प्रॉपटी यंग इंडिया से जुड़ी हैं. बता दें कि ED ने साल 2014 में दिल्ली के मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट के आदेश पर AJL और यंग इंडिया के खिलाफ PMLA के तहत जांच शुरू की थी. जांच में पाया गया कि इस मामले से जुड़े आरोपियों ने यंग इंडियन के जरिए AJL की सैकड़ों करोड़ रुपये की संपत्ति हासिल करने के लिए आपराधिक साजिश रची थी.

AJL को समाचार पत्र प्रकाशित करने के लिए सरकार की ओर से भारत के कई शहरों में रियायती दरों पर जमीन दी गई थी.  AJL ने साल 2008 में अपना प्रकाशन कार्य बंद कर दिया और संपत्तियों का व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल करना शुरू कर दिया. AJL को 90.21 करोड़ का कर्ज एआईसीसी को चुकाना था, हालांकि कांग्रेस पार्टी ने 90.21 करोड़ रुपये के इस कर्ज को माफ कर AJL को साजिशन एक नई कंपनी यंग इंडियन को महज 50 लाख रुपये में बेच दिया. इसके बाद यंग इंडिया के शेयर गांधी परिवार और उनके क़रीबियों को दे दिए गए यानी AJL की करोड़ों की संपत्ति और यंग इंडिया के जरिए परोक्ष रूप से गांधी परिवार का कब्जा हो गया. इस मामले में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, ऑस्कर फर्नांडिस, मोती लाल वोहरा और सुमन दुबे आरोपी हैं. ED इस मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी से पूछताछ भी कर चुकी है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com