विज्ञापन
This Article is From Jul 25, 2025

पत्नी-सास और साढू ने किया कत्ल, शराब पिलाकर पत्थर से सिर बुरी तरह कुचला; 100 CCTV तलाशने पर मिले आरोपी

Wife Kill Husband: बिलासपुर के हिर्री माइंस के पास हुए ब्लाइंड मर्डर केस में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. मृतक साहिल कुमार पाटले की हत्या उसकी पत्नी वर्षा, सास सरोजनी, साढू राजाबाबू और उसके दोस्त विकास ने मिलकर की थी.

पत्नी-सास और साढू ने किया कत्ल, शराब पिलाकर पत्थर से सिर बुरी तरह कुचला; 100 CCTV तलाशने पर मिले आरोपी

Bilaspur Crime News: बिलासपुर के हिर्री माइंस के पास ब्लाइंड मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ है. मृतक की पत्नी, सास और साढू ही कातिल निकले हैं. पति की प्रताड़ना से परेशान पत्नी ने मां के साथ मिलकर साजिश रची थी. मृतक की सास ने 1 लाख रुपये में मृतक के साढू को सुपारी दी. पहचान छिपाने के लिए मृतक के चेहरे को पत्थर से कुचला था.

पुलिस CCTV और साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंची है. चकरभाठा पुलिस चारों आरोपियों को गिरफ्तार कार्रवाई में जुट गई है.

ये है मामला

घटना 17 जुलाई की है, जब हिर्री माइंस के पास एक अज्ञात युवक की लाश बरामद हुई थी. शव की हालत देखकर अंदेशा जताया गया कि उसे बेरहमी से पत्थर से कुचलकर मारा गया है. मामले में साइबर सेल और चकरभाठा पुलिस ने 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले. मृतक की पहचान साहिल कुमार पाटले के रूप में हुई.

जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि साहिल की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी वर्षा, सास सरोजनी, साढू राजाबाबू और उसके दोस्त विकास ने मिलकर की थी.

साहिल को थी शराब की लत

दरअसल, साहिल को शराब की लत थी. घरेलू हिंसा से परेशान होकर उसकी पत्नी वर्षा ने इसकी जानकारी अपनी मां सरोजनी को दी. फिर दोनों ने मिलकर एक लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई. सरोजनी ने अपने दूसरे दामाद राजाबाबू और उसके दोस्त को हत्या करने के लिए 1 लाख रुपये में राजी किया था. सास ने आरोपियों को 8 हजार रुपये एडवांस भी दिए थे.

साजिश के तहत हत्या वाली रात को सभी ने मिलकर साहिल को शराब पिलाई. जब वह नशे में हो गया तो सिर को पत्थर से कुचल दिया. फिर पहचान छिपाने के लिए मृतक के चेहरे को भी बुरी तरह बिगाड़ दिया.

ये हैं सभी आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में सरोजनी खुंटे (सास), वर्षा खुंटे (पत्नी), राजाबाबू खुंटे (साढू), और विकास आदिले (मित्र) शामिल है। पुलिस ने घटनास्थल से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, पत्थर और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस सफल कार्रवाई के लिए पूरी टीम की सराहना करते हुए पुरस्कार की घोषणा भी की है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close