विज्ञापन

VIDEO: स्टंटबाजी पड़ ना जाए भारी! चलती स्कूटी पर लेट गया युवक, पैरों से संभाला हैंडल

दंतेवाड़ा के बचेली क्षेत्र से एक खतरनाक स्कूटी स्टंट का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें युवक चलती एक्टिवा पर लेटकर और पैरों से हैंडल पकड़कर स्टंट करता दिख रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों ने इसे सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया है.

VIDEO: स्टंटबाजी पड़ ना जाए भारी! चलती स्कूटी पर लेट गया युवक, पैरों से संभाला हैंडल

Dangerous Scooter Stunt Video: सड़क पर स्टंटबाजी कई बार लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है, लेकिन इसके बावजूद कुछ युवक लापरवाही की हदें पार कर देते हैं. दंतेवाड़ा के बचेली थाना क्षेत्र से ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक चलती स्कूटी पर बेहद खतरनाक स्टंट करता दिख रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है और अब पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

चलती स्कूटी पर युवक का खतरनाक स्टंट

वायरल वीडियो किरंदुल–बचेली मुख्य मार्ग का बताया जा रहा है. इस वीडियो में एक युवक तेज रफ्तार से स्कूटी चलाते हुए न केवल हाथ छोड़कर स्टंट करता दिखाई देता है, बल्कि वह पैरों से स्कूटी का हैंडल नियंत्रित करता हुआ भी नजर आ रहा है. इतना ही नहीं, वह एक्टिवा (क्रमांक CG 18 N 8959) पर लेटकर भी स्टंट करता देखा गया. सड़क पर अन्य वाहन भी चल रहे थे, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका और ज्यादा बढ़ जाती है.

प्रत्यक्षदर्शियों ने जताई नाराजगी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक का यह स्टंट उसकी खुद की जान ही नहीं, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बना हुआ था. सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है और उन्होंने इसे सड़क पर चल रहे सभी लोगों के लिए खतरनाक बताया है.

कानूनी रूप से गंभीर अपराध

कानूनी जानकार बताते हैं कि मोटर व्हीकल एक्ट के अनुसार इस तरह की स्टंटबाजी गंभीर अपराध है. ऐसे मामलों में भारी जुर्माना, ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन और वाहन जब्ती जैसी सख्त कार्रवाई का प्रावधान है. सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई कर सकती है.

पुलिस कार्रवाई की मांग तेज

वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने बचेली पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि यदि ऐसे लापरवाह युवकों पर समय पर नियंत्रण नहीं लगाया गया, तो अन्य युवाओं में भी गलत संदेश जाएगा और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है. फिलहाल पुलिस इस वीडियो की जांच कर रही है. यह देखने की कोशिश की जा रही है कि वीडियो में दिख रहा युवक कौन है और घटना किस समय की है? 

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close