Sunny Leone DJ Party Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 22 फरवरी 2026 को रामा वर्ल्ड में प्रस्तावित ‘बिस्मिल की महफ़िल टेक्नो म्यूजिक कार्यक्रम' को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. कार्यक्रम में अभिनेत्री सनी लियोनी की मौजूदगी को लेकर जैसे ही टीज़र सामने आया, बजरंग दल ने इसका विरोध शुरू कर दिया और आयोजकों को कार्यक्रम रद्द करने की चेतावनी दी.
Bajrang Dal का कड़ा विरोध
पोस्टर के वायरल होते ही हिंदू संगठनों, विशेषकर बजरंग दल ने इस आयोजन का खुलकर विरोध किया. संगठन ने कार्यक्रम को सार्वजनिक रूप से अश्लील और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ करार दिया है. बजरंग दल के जिला संयोजक रवि वाधवानी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखते हुए कहा कि “राम जी के ननिहाल छत्तीसगढ़ में किसी भी तरह की अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.” उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे कार्यक्रम भारतीय संस्कृति और सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ हैं और इसे किसी भी हालत में आयोजित नहीं होने दिया जाएगा.
सोशल मीडिया पर तेज चर्चा
सनी लियोनी से जुड़े इस कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार बहस चल रही है. हालांकि अब तक आयोजकों या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. इस मुद्दे पर रायपुर के लोग भी दो धड़ों में बंटे नजर आ रहे हैं. एक पक्ष इसे पूरी तरह मनोरंजन का कार्यक्रम मान रहा है. वहीं दूसरा पक्ष इसे सामाजिक और सांस्कृतिक मर्यादाओं के खिलाफ बता रहा है. विवाद के और बढ़ने की आशंका के बीच अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है.