विज्ञापन

साहू समाज के कार्यक्रम में सीएम साय, विकास और नक्सलमुक्त बस्तर पर दिया बड़ा बयान

Sahu Samaj Program में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर में साहू समाज को बड़ी सौगात दी. साथ ही नक्सलमुक्त बस्तर, विकास और अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर अहम बयान भी दिया.

साहू समाज के कार्यक्रम में सीएम साय, विकास और नक्सलमुक्त बस्तर पर दिया बड़ा बयान

छत्तीसगढ़ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सूरजपुर दौरे पर रहे. यहां वे छत्तीसगढ़ साहू समाज और छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भक्त माता कर्मा जयंती महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू समेत प्रदेश के कई मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में साहू समाज के लोग मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर सबसे पहले भक्त माता कर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की.

साहू समाज के गौरवशाली इतिहास का जिक्र

इसके बाद मंच से समाज के लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि साहू समाज का इतिहास बेहद गौरवशाली रहा है. इस समाज ने भक्त माता कर्मा, राजिम माता, तेलीन दाई, सत्यनारायण बाबा और भामाशाह जैसे महान व्यक्तित्व देश और समाज को दिए हैं, जिनकी प्रेरणा आज भी लोगों को समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करती है.

समाज को मिली बड़ी सौगात

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने साहू समाज को बड़ी सौगात भी दी. उन्होंने समाज की जमीन पर बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 25 लाख रुपए और भवन व छात्रावास निर्माण के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा की. इस घोषणा के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया.

नक्सलमुक्त बस्तर पर बड़ा बयान

वहीं मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नक्सल मुक्त बस्तर की डेडलाइन को लेकर कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण चार दशकों से विकास से दूर रहा बस्तर अब नक्सल समस्या से बाहर निकलने की ओर है. उन्होंने कहा कि जल्द ही बस्तर में भी विकास की रफ्तार और तेज़ होगी और वहां के लोगों को शांति और विकास का नया दौर देखने को मिलेगा.

अंतरराष्ट्रीय तनाव पर भी बयान

इसके साथ ही अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनज़र प्रधानमंत्री के साथ हुई बैठक पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में चिंता की कोई बात नहीं है. उन्होंने बताया कि गैस और ऑयल की पर्याप्त मात्रा प्रदेश में स्टॉक में मौजूद है. साथ ही सेंट्रल एक्साइज में 10-10 रुपए की कमी से आम उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, जिसके लिए उन्होंने भारत सरकार का आभार भी जताया.

भव्य रहा आयोजन

मुख्यमंत्री के सूरजपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन और साहू समाज ने भव्य तैयारियां की थीं. बड़ी संख्या में समाज के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए और पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल देखने को मिला.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close