विज्ञापन

नक्सलवाद की धरती पर सचिन तेंदुलकर का दौरा, दंतेवाड़ा में तैयारियां जोरों पर, खेल मैदान का करेंगे उद्घाटन 

नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले के लिए 22 अप्रैल का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है, जब महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर छिंदनार गांव पहुंचेंगे. वे मल्टी‑स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन करेंगे और बच्चों से संवाद करेंगे. यह दौरा खेल और विकास के जरिए दंतेवाड़ा की नई पहचान बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.

नक्सलवाद की धरती पर सचिन तेंदुलकर का दौरा, दंतेवाड़ा में तैयारियां जोरों पर, खेल मैदान का करेंगे उद्घाटन 

Sachin Tendulkar Chhattisgarh Visit: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित रहे दंतेवाड़ा जिले के लिए 22 अप्रैल का दिन खास होने जा रहा है. क्रिकेट की दुनिया में भगवान कहे जाने वाले महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर दंतेवाड़ा के दौरे पर आ रहे हैं. यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि जहां कभी डर और हिंसा का माहौल था, वहां अब खेल और उम्मीद की नई रोशनी नजर आ रही है. सचिन तेंदुलकर अपने परिवार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ छिंदनार गांव पहुंचेंगे और एक बड़े खेल प्रोजेक्ट की शुरुआत करेंगे.

छिंदनार गांव में उत्सव जैसा माहौल

इंद्रावती नदी के किनारे बसा छिंदनार गांव इन दिनों पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है. गांव में उत्साह है, बच्चों के चेहरों पर खुशी है और हर जगह तैयारियों का माहौल है. कभी नक्सलवाद की छाया में रहे इस इलाके में अब विकास और खेल को लेकर नई पहचान बन रही है. स्थानीय लोग इस दौरे को अपने लिए बड़े सम्मान और बदलाव के संकेत के तौर पर देख रहे हैं.

मल्टी‑स्पोर्ट्स ग्राउंड बना आकर्षण का केंद्र

छिंदनार गांव में एक आधुनिक मल्टी‑स्पोर्ट्स ग्राउंड तैयार किया गया है. इस मैदान को सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन और मानदेशी चैम्पियन संस्था के सहयोग से विकसित किया गया है. खास बात यह है कि यहां एक ही परिसर में 16 तरह की खेल सुविधाएं मौजूद हैं. इसमें खो‑खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, क्रिकेट के साथ‑साथ एक्सरसाइज ज़ोन भी शामिल है. यह मैदान आदिवासी बच्चों और युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगा.

खेल मैदान का उद्घाटन करेंगे सचिन

अपने दौरे के दौरान सचिन तेंदुलकर सबसे पहले इसी भव्य खेल मैदान का उद्घाटन करेंगे. वे बच्चों से मिलेंगे, उनके साथ समय बिताएंगे और पूरे परिसर का निरीक्षण भी करेंगे. माना जा रहा है कि बच्चों के लिए यह पल जीवन भर की प्रेरणा बन सकता है, जब वे अपने ही गांव में क्रिकेट के महान खिलाड़ी को करीब से देख पाएंगे.

गीदम और जावंगा में भी कार्यक्रम

छिंदनार के बाद सचिन तेंदुलकर गीदम के पास स्थित पनेड़ा ग्राउंड का लोकार्पण करेंगे. इसके बाद वे जावंगा एजुकेशन सिटी पहुंचेंगे, जहां ऑडिटोरियम में छात्रों से सीधा संवाद करेंगे. यह कार्यक्रम छात्रों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत साबित होने वाला है, जहां वे संघर्ष, अनुशासन और सफलता के अनुभव सीधे सचिन से सुन सकेंगे.

दंतेवाड़ा के भविष्य की नई शुरुआत

इस पूरे दौरे को सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे दंतेवाड़ा के बदलते भविष्य की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है. जहां कभी बंदूकों की आवाज सुनाई देती थी, अब वहां खेल मैदान की हलचल और बच्चों की हंसी गूंजेगी. दंतेवाड़ा अब आगे बढ़ रहा है और खेल के मैदान से एक नई, सकारात्मक कहानी लिखी जा रही है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close