विज्ञापन
This Article is From Sep 22, 2025

Naxal Encounter: 40-40 लाख के 2 इनामी नक्सलियों का सफाया, अमित शाह बोले- लाल आतंक की तोड़ रहे रीढ़

Abujhmar Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो शीर्ष नक्सली नेता मारे गए. इनमें राजू दादा उर्फ कट्टा रामचंद्र रेड्डी और कोसा दादा उर्फ कादरी सत्यनारायण रेड्डी शामिल हैं.

Naxal Encounter: 40-40 लाख के 2 इनामी नक्सलियों का सफाया, अमित शाह बोले- लाल आतंक की तोड़ रहे रीढ़

नारायणपुर के अबूझमाड़ के महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की पहचान हो गई है. पहला नक्सली सीपीआई (माओवादी) केंद्रीय समिति का सदस्य राजू दादा उर्फ कट्टा रामचंद्र रेड्डी और दूसरा कोसा दादा उर्फ कादरी सत्यनारायण रेड्डी था. दोनों नक्सलियों पर छत्तीसगढ़ सरकार ने 40-40 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. इस पर सीएम  और केंद्रीय गृह मंत्री का भी बयान आया है.

मुठभेड़ के बाद मौके से 1 एके-47 राइफल, एक इंसास राइफल, एक बीजीएल लॉन्चर, भारी मात्रा में विस्फोटक और माओवादी साहित्य एवं अन्य सामग्री बरामद हुई है.

Add image caption here

Add image caption here

नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन ने बताया कि छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्र स्थित अभूझमाड़ इलाके में माओवादी गतिविधियों की सूचना पर सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन चलाया था. अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और नक्सिलयों के बीच सोमवार सुबह फायरिंग होने लगी.

30 साल से हिंसा कर रहे थे नक्सली

राजू दादा और कोसा दादा तीन दशकों से नक्सल गतिविधियों में शामिल थे. वह कई हिंसक घटनाओं के मास्टरमाइंड भी रहे थे, जिनमें कई जवान शहीद हुए और निर्दोष लोगों  की जानें गईं.

आईजी बोले- संगठन को पहुंची है बड़ी चोट

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. ने कहा कि प्रतिबंधित माओवादी संगठन के खिलाफ चलाए जा रहे निर्णायक अभियानों से संगठन को बड़ी चोट पहुंची है. कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बावजूद बस्तर में तैनात पुलिस और सुरक्षा बल भारत सरकार, छत्तीसगढ़ सरकार और बस्तर की जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा कर रहे हैं,

पुलिस महानिरीक्षक ने एक बार फिर नक्सलियों और उनके नेतृत्व से अपील की कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौट आएं. वह सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत सुरक्षा और लाभ उठाएं.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी आया बयान

गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि आज हमारे सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ एक और बड़ी जीत हासिल की है. महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में हमारे बलों ने दो केंद्रीय समिति सदस्य नक्सल नेताओं कट्टा रामचंद्र रेड्डी और कादरी सत्यनारायण रेड्डी का सफाया कर दिया. हमारे सुरक्षा बल नक्सलियों के शीर्ष नेतृत्व को व्यवस्थित रूप से ध्वस्त कर रहे हैं और लाल आतंक की रीढ़ तोड़ रहे हैं.

सीएम बोले- मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त होगा भारत

सीएम विष्णु देव साय ने भी एक्स पर पोस्ट कर सुरक्षाबलों की सराहना की है. उन्होंने कहा कि आज नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में हमारे वीर सुरक्षाबलों ने लाल आतंक के खिलाफ एक साहसिक और सफल अभियान को अंजाम दिया. नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में 2 नक्सली न्यूट्रलाइज किए गए हैं. यह सफलता केवल नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में एक निर्णायक पड़ाव ही नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ में शांति, सुरक्षा और विकास की प्रक्रिया को और भी गति प्रदान करती है.

डबल इंजन सरकार के निरंतर प्रयासों से प्रदेश में नक्सलवाद का अंत अब पहले से कहीं अधिक निकट और निश्चित होता दिखाई दे रहा है. मुझे पूर्ण विश्वास है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह  के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के साथ मार्च 2026 तक नक्सलमुक्त भारत का संकल्प अवश्य साकार होगा.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close