विज्ञापन

रायपुर में जुटेंगे दुनिया भर में बसे छत्तीसगढ़ी, 27–28 मार्च को होगा प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव

Chhattisgarh Conclave: 27–28 मार्च 2026 को रायपुर में होने वाला प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव विदेशों में बसे छत्तीसगढ़ियों को प्रदेश के विकास से जोड़ने का मंच बनेगा, जहां निवेश, रोजगार और विकास के नए रास्तों पर चर्चा होगी.

रायपुर में जुटेंगे दुनिया भर में बसे छत्तीसगढ़ी, 27–28 मार्च को होगा प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव

Pravasi Chhattisgarh Conclave:  छत्तीसगढ़ के चहुंमुखी विकास में विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ियों की भूमिका को और मजबूत करने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 27 और 28 मार्च 2026 को “प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव” होगा. इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन को नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) और छत्तीसगढ़ एनआरआई संघ का सहयोग प्राप्त है.

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का संदेश

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रवासी छत्तीसगढ़ी राज्य की सबसे बड़ी ताकत हैं. उन्होंने कहा, “विदेशों में कार्यरत छत्तीसगढ़ी नागरिक अपने ज्ञान, अनुभव और निवेश से प्रदेश को नई दिशा दे सकते हैं. सरकार चाहती है कि वे औद्योगिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास में सक्रिय भागीदार बनें.”

कई देशों से पहुंचेगा छत्तीसगढ़ी समाज

दो दिवसीय इस कॉन्क्लेव में भारत के बाहर विभिन्न देशों में निवासरत छत्तीसगढ़ मूल के लोग भाग लेंगे. आयोजन को लेकर उत्साह देखा जा रहा है और इसके लिए पंजीयन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी.

निवेश और रोजगार पर केंद्रित सत्र

कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को राज्य के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास से जोड़ना है. कार्यक्रम के दौरान निवेश के अवसर, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पर्यटन, उद्योग और स्टार्टअप इकोसिस्टम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी.

अनुभव से मिलेगा विकास को नया आयाम

विदेशों में रहकर कार्य कर रहे छत्तीसगढ़ियों के अनुभव, विशेषज्ञता और संसाधनों का उपयोग राज्य के विकास में कैसे किया जाए, इस पर विशेष मंथन होगा. इसके माध्यम से प्रदेश और प्रवासी समाज के बीच संवाद को मजबूत करने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी.

 विशेषज्ञों और उद्यमियों की रहेगी भागीदारी

कॉन्क्लेव में देश-विदेश से जुड़े विशेषज्ञ, उद्योगपति, सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे. यह आयोजन छत्तीसगढ़ की वैश्विक पहचान को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close