विज्ञापन

1600 रुपए की कुर्ती के बदले से 6.25 लाख की ठगी, Instagram पर एक क्लिक से यूं लग गया चूना 

Chhattisgarh News में बलौदा बाजार जिले के भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र की एक युवती से Instagram पर सस्ते कपड़ों का लालच देकर 6,25,239 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान के जयपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

1600 रुपए की कुर्ती के बदले से 6.25 लाख की ठगी, Instagram पर एक क्लिक से यूं लग गया चूना 

छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरेंगा में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है. जहां Instagram पर सस्ते दर में महिलाओं के कपड़ों का लालच देकर एक युवती से 6 लाख 25 हजार 239 रुपये की ठगी कर ली गई. शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस के अनुसार, तरेंगा निवासी भुवनेश्वरी साहू ने 16 फरवरी 2026 को थाना भाटापारा ग्रामीण में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पीड़िता ने बताया कि 12 जनवरी 2026 को उसके इंस्टाग्राम आईडी पर कम कीमत में कुर्ती और अन्य महिलाओं के कपड़ों का विज्ञापन दिखाई दिया. विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उसे एक क्यूआर कोड भेजा गया. पहले 1600 रुपये का भुगतान कराया गया, जिसके बाद रिफंड, बिलिंग चार्ज, जीएसटी, डिलीवरी शुल्क और अन्य प्रोसेसिंग फीस के नाम पर लगातार रकम जमा करवाई जाती रही. 

आरोपियों ने कैश ऑन डिलीवरी की सुविधा नहीं होने का बहाना बनाकर ऑनलाइन भुगतान पर जोर दिया और व्हाट्सएप चैटिंग के जरिए पीड़िता को भरोसे में लेते रहे. जब तक युवती को ठगी का अहसास हुआ, तब तक वह कुल 6,25,239 रुपये ट्रांसफर कर चुकी थी. न तो सामान मिला और न ही कोई रकम वापस की गई.

मामले में अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस और 66(डी) आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई. मामले में भाटापारा ग्रामीण थाना ने साइबर थाना से सहयोग लेकर जांच कार्रवाई आगे बढ़ाई, पुलिस टीम ने इंस्टाग्राम आईडी और क्यूआर कोड का तकनीकी विश्लेषण किया. जांच में पता चला कि ठगी का नेटवर्क जयपुर से संचालित हो रहा है.

जयपुर में छापा मारकर गिरफ्तार किया 

संयुक्त टीम ने राजस्थान के जयपुर में दबिश देकर रामकिशोर मीणा (25) और रविंदर मीणा (26), निवासी गोकुलपुरा, तहसील बस्सी, जिला जयपुर, को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपियों ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिलाओं को सस्ते कपड़ों का लालच देकर ठगी करना स्वीकार किया.

देशभर में फैला रखा है ठगी का नेटवर्क

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि देश के 17 राज्यों में इसी तरीके से इनके खिलाफ 181 मामले दर्ज हैं. पुलिस ने आरोपियों से इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है. दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है, वहीं पूरे गिरोह की विस्तृत जांच अभी भी जारी है. 

बलौदा बाजार पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने कहा कि साइबर अपराध को लेकर के लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. खासकर के अंजान लिंक को क्लिक करने से हो रही ठगी के बारे में जानकारी दी जा रही है. इस मामले में भी तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close