Chhattisgarh Crime News: दंतेवाड़ा में दो साल पहले हुई एक महिला की रहस्यमयी गुमशुदगी का ऐसा सनसनीखेज खुलासा हुआ है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है. प्यार, शक और बदले की आग में रची गई इस खौफनाक साजिश में एक पत्नी ने अपने ही पति की महिला मित्र की सुपारी देकर हत्या करवा दी. पुलिस ने जमीन में दफन महिला का कंकाल बरामद कर इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री से पर्दा उठा दिया है.
अचानक लापता हो गई थी महिला
मामला वर्ष 2024 का है, जब रामदई कश्यप नाम की महिला अचानक लापता हो गई थी. लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिलने के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया. लेकिन दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय ने पुराने मामलों की समीक्षा के दौरान इस केस को दोबारा खुलवाया. एसडीओपी राहुल उईके और थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा की अगुवाई में गठित विशेष टीम ने कॉल डिटेल और रिश्तों की कड़ियों को जोड़ते हुए जांच आगे बढ़ाई.
अवैध संबंध से नाराज पत्नी ने रच डाली हत्या की साजिश
तफ्तीश में खुलासा हुआ कि रामदई कश्यप के संबंध एक DRG जवान पाण्डू करटम से थे. इसी रिश्ते से नाराज जवान की पत्नी कमली करटम ने हत्या की पूरी साजिश रची. पुलिस के मुताबिक, जब पाण्डू करटम गांव के बीज त्योहार में गया हुआ था, उसी दौरान कमली ने अपने रिश्तेदार हुंगाराम को पैसे देकर दंतेवाड़ा बुलाया. आरोप है कि हुंगाराम ने घर में घुसकर रामदई की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को पिकअप वाहन में डालकर ग्राम तोयलंका ले जाकर नाले किनारे दफना दिया.
दो साल बाद पुलिस ने कमली करटम की निशानदेही पर जमीन खुदवाई तो प्लास्टिक की बोरी में भरा मानव कंकाल बरामद हुआ. पुलिस ने आरोपी कमली करटम और उसकी सहयोगी लक्ष्मी नाग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी हुंगाराम अब भी फरार है और उसकी तलाश जारी है.