High Voltage Drama Video: पत्नी से हुए मामूली विवाद ने ऐसा रूप ले लिया कि एक युवक ने अपनी जान को ही खतरे में डाल दिया. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में यह घटना पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही, जब गुस्से में पति 220 केवी के चालू बिजली टावर पर चढ़ गया. हालात इतने गंभीर थे कि एक छोटी‑सी चूक बड़ा हादसा बन सकती थी, लेकिन पुलिस की सूझबूझ और धैर्य से युवक की जान बचा ली गई.
कोरबा से नानक राजपुत की रिपोर्ट...
शादी में आया था युवक, वहीं हुआ विवाद
घटना कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र की है. ग्राम सैला निवासी युवक केवल सिंह अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने आया था. शादी के दौरान किसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी से विवाद हो गया. मामला इतना बढ़ा कि पति ने पत्नी से घर चलने को कहा, लेकिन पत्नी ने साफ मना कर दिया.
गुस्से में घर छोड़ जंगल की ओर निकला
पत्नी के इनकार से नाराज़ युवक गुस्से में मौके से निकल गया. वह बिना किसी को कुछ बताए जंगल की ओर चला गया. कुछ ही देर बाद लोगों ने देखा कि युवक सामने लगे हाई टेंशन बिजली टावर पर चढ़ रहा है. टावर में 220 केवी की बिजली सप्लाई चालू थी, जिससे खतरा और भी बढ़ गया.
220 केवी टावर पर जान जोखिम में डाली
युवक टावर के ऊपर पहुंच गया और वहीं बैठ गया. नीचे खड़े लोगों के होश उड़ गए. किसी भी तरह की हल्की सी चूक उसकी जान ले सकती थी. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
पुलिस ने घंटों तक समझाया
सूचना मिलते ही पसान थाना प्रभारी एएसआई खांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने काफी धैर्य और सावधानी से युवक से बातचीत शुरू की. घंटों तक उसे समझाने की कोशिश की गई, लेकिन युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था.
टावर पर ही पुलिस ने दिया पानी
इस बीच युवक ने बताया कि उसे प्यास लगी है. हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने जोखिम उठाते हुए टावर पर ही पानी की बोतल पहुंचाई. यह दृश्य लोगों के लिए हैरान करने वाला था, लेकिन पुलिस की मानवता और सूझबूझ साफ नजर आई.
काफी देर की बातचीत और समझाइश के बाद आखिरकार युवक मान गया. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया. इसके बाद उसे समझाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया. गनीमत रही कि इस हाईवोल्टेज ड्रामे में किसी तरह का बड़ा हादसा नहीं हुआ.