Durg Raipur Bridge Closure 2026: दुर्ग और रायपुर के बीच रोजाना लाखों वाहन गुजरते हैं और इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आई है. 1 अप्रैल 2026 से खारून नदी ब्रिज पर मरम्मत कार्य शुरू होने जा रहा है, जिसके कारण यह पुल पूरे एक महीने तक बंद रहेगा. इस दौरान ब्रिज पर ट्रैफिक वन‑वे पद्धति से चलेगा. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और जरूरी यात्राओं के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें.
नीलेश त्रिपाठी की रिपोर्ट...
ब्रिज मरम्मत के कारण ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव
राष्ट्रीय राजमार्ग NH‑53 पर स्थित कुम्हारी टोल के पास खारून नदी ब्रिज दुर्ग और रायपुर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है. हर दिन लगभग डेढ़ लाख वाहन इस पुल से गुजरते हैं. मरम्मत के चलते दोनों ओर लंबी कतारें और जाम लगने की आशंका है. इसी को ध्यान में रखते हुए रायपुर कमिश्नरेट ट्रैफिक के अधिकारी, NHAI टीम, और थाना प्रभारियों ने मरम्मत स्थल व डायवर्जन रूट का निरीक्षण किया.


वन‑वे मार्ग पर सावधानियां
चन्दनीडीह से कुम्हारी टोल प्लाजा और इसके विपरीत दिशा में वन‑वे ट्रैफिक ही चलेगा. ओवरटेक बिल्कुल न करें, क्योंकि पुल सिंगल लेन है. यातायात संकेतों और पुलिस के निर्देशों का पालन अनिवार्य है.
प्रशासन की अपील: समय से पहले निकलें
एयरपोर्ट, हॉस्पिटल, रेलवे स्टेशन, प्रतियोगी परीक्षाओं या अन्य जरूरी कार्यों के लिए रायपुर जाने वाले लोगों को सलाह है कि वे अतिरिक्त समय लेकर निकलें, ताकि ट्रैफिक जाम की स्थिति में कोई परेशानी न हो. जब तक मरम्मत का काम चल रहा है, लोगों से डायवर्जन मार्गों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की गई है.