विज्ञापन

दुर्ग में अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 13 मजदूर हिरासत में, लाखों का माल जब्त, फैक्ट्री मालिक फरार

Illegal Gutkha Factory Raid Durg: दुर्ग जिले में अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस और फूड सेफ्टी की संयुक्त कार्रवाई में लाखों का गुटखा, मशीनें और ट्रक जब्त किए गए. 13 मजदूर हिरासत में हैं, जबकि फैक्ट्री मालिक फरार है. पढ़िए पूरी खबर.

दुर्ग में अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 13 मजदूर हिरासत में, लाखों का माल जब्त, फैक्ट्री मालिक फरार
दुर्ग में अवैध गुटखा फैक्ट्री पर पुलिस और फूड सेफ्टी की कार्रवाई

Durg Illegal Gutkha Factory Raid: दुर्ग जिले में एक बार फिर अवैध गुटखा कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है. नंदिनी थाना पुलिस ने बिरेभाठ गांव में सड़क किनारे स्थित एक बाहर से बंद लेकिन अंदर से चालू गोदाम पर छापा मारकर लाखों रुपये की अवैध गुटखा फैक्ट्री पकड़ी है. पुलिस, खाद्य सुरक्षा और जीएसटी विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है.

श्रमिकों को हिरासत में लिया गया

जांच के दौरान पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस फैक्ट्री का असली संचालक कौन है? जानकारी के अनुसार, जिस ब्रांड का गुटखा वहां पकड़ा गया है, उसके मालिक के पास किसी अन्य स्थान के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का लाइसेंस है. हालांकि, उसने इस अवैध जखीरे से अपना कोई भी संबंध होने से इनकार कर दिया है, जिससे विभाग और पुलिस की कार्रवाई फिलहाल संदेह के घेरे में नजर आ रही है. पुलिस ने मौके से विभिन्न राज्यों के दर्जनभर श्रमिकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. 

हर दिन 10 लाख रुपये का अवैध गुटखा सप्लाई

मौके पर तीन मशीनें मिली हैं, जिनका उपयोग गुटखा पैकेजिंग के लिए किया जा रहा था. गोदाम से एक बड़ा ट्रक भी जब्त हुआ है. गुटखे को बारदानों के पीछे छिपाकर शातिराना तरीके से अन्य स्थानों पर भेजा जाता था. वहीं फैक्ट्री में काम करने वाले एक श्रमिक के अनुसार, वह यहां 5 तारीख से कार्यरत है और प्रतिदिन करीब 20-21 बोरा गुटखा ट्रक के माध्यम से सप्लाई किया जाता था. एक बोरे की अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है. इस आधार पर प्रतिदिन करीब 10 लाख रुपये का अवैध गुटखा सप्लाई हो रहा था. यदि इस पर 40% की दर से जीएसटी (GST) की गणना की जाए, तो सरकार को प्रतिदिन लगभग 4 लाख रुपये के राजस्व की हानि हो रही थी.

इस पूरे मामले की जांच अभी भी स्पष्ट नहीं है, क्योंकि पकड़े गए श्रमिकों ने मालिक के बारे में जानकारी होने से मना कर दिया है. दुर्ग जिले में गुटखा कारोबार से जुड़ी यह पहली घटना नहीं है. अब तक ऐसी 7-8 कार्रवाईयां हो चुकी हैं.

आमतौर पर खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस जांच पूरी होने तक संबंधित बिल्डिंग या गोदाम को सील कर देते हैं, लेकिन पूर्व के अनुभवों को देखते हुए यह आशंका जताई जा रही है कि क्या इस बार भी साक्ष्य सुरक्षित रहेंगे? क्योंकि पिछली लगभग हर कार्रवाई में सील किए गए स्थानों से सामान चोरी हो गया, जिसके कारण सबूतों के अभाव में आरोपियों पर दोष सिद्ध नहीं हो सका. फिलहाल, पुलिस और प्रशासन आगे की कार्रवाई में जुटे हैं, जिसके बाद इस परिसर को भी सील किया जाएगा.

डिज़ीग्नेटेड ऑफिसर जितेंद्र नेले ने बताया कि यहां पर बिना लाइसेंस के इस मुसाफिर पान मसाला का अवैध तरीके से निर्माण किया जा रहा है. सुबह से हम सभी मौजूद हैं, लेकिन प्रीमिसेस को कोई भी अपना नहीं बता रहा है. वर्कर्स के मुताबिक यहां पर 1 अप्रैल से चलाया जा रहा है. आगे हम सैंपल भेजेंगे. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

दुर्ग CSP सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर नंदिनी पुलिस और फूड एंड सेफ्टी डिपार्मेंट के द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक फैक्ट्री में छापा मार कार्रवाई की गई. वहां पर अवैध रूप से प्रतिबंधित जर्दायुक्त गुटखा बरामद किया गया है. साथ ही उक्त गुटके को अवैध रूप से वहां पर बनाया जा रहा था. वहां से मशीनरी बरामद की गई है. मौके पर 13 मजदूर पाए गए हैं, जो कि छत्तीसगढ़ के बाहर महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के पाए गए हैं. प्रकरण में जो अवैध रूप से गुटखा का उत्पादन करने वाले जो व्यक्ति है उसकी पहचान और पतासाजी पुलिस के द्वारा की जा रही है.

यह भी पढ़ें : अलीराजपुर जिला पंचायत CEO ने भाजपा नेता पर दर्ज कराई FIR; सरकारी दफ्तर में धमकी का मामला, लगे गंभीर आरोप

यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ के इस सरकारी अस्पताल में लगा बाथटब; इन मरीजों को गर्मी में मिलेगा Ice बाथ, अलग वार्ड तैयार

यह भी पढ़ें : कैमरे में Live मर्डर कैद; छत्रपति संभाजीनगर का Video आया, घर में घुसकर महिला ने महिला पर किए चाकू से वार

यह भी पढ़ें : ‘शिवाजी कोण होता?' किताब विवाद: शिंदे गुट के MLA संजय गायकवाड़ पर FIR, प्रकाशक को जान से मारने की धमकी का आरोप

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close