Siyan Gudi Day-care center: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में वृद्धजनों के सम्मान और सुरक्षा और समग्र कल्याण के लिए निरंतर प्रभावी पहल की जा रही है. इसी के तहत धमतरी में जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग द्वारा धमतरी के महात्मा गांधी वार्ड में वरिष्ठ नागरिकों (बुजुर्गों) के लिए विशेष रूप से विकसित ‘सियान गुड़ी' डे-केयर सेंटर (Dhamtari Siyan Gudi Specialty) का लोकार्पण किया गया. यह डे-केयर सेंटर बुजुर्गों के लिए खास और इसकी खासियत लोगों को दिल जीत रही है.
Day-care Center Siyan Gudi: मनोरंजन व सांस्कृतिक गतिविधियों की सुविधा.
‘सियान गुड़ी' की ये है खासियत
जिले की ‘सियान गुड़ी' को आधुनिक व समग्र देखभाल केंद्र के रूप में विकसित किया गया है. यहां वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सामाजिक सहभागिता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. यहां नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, फिजियोथेरेपी एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध हैं. साथ ही पुस्तकालय, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से उन्हें सक्रिय व आनंदमय जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जा रहा है.
वरिष्ठ नागरिकों को दिया जाएगा डिजिटल भुगतान, कंप्यूटर का प्रसिक्षण
बता दें कि विशेष रूप से स्थापित डिजिटल लर्निंग कक्ष में वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, कंप्यूटर एवं इंटरनेट के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे आधुनिक तकनीक से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें. केंद्र में पौष्टिक एवं संतुलित भोजन की व्यवस्था भी की गई है.
‘सियान गुड़ी' न केवल एक डे-केयर सेंटर है, बल्कि यह वरिष्ठ नागरिकों के लिए संवाद, सहयोग और सम्मान का एक सशक्त मंच बनकर उभर रहा है. यह पहल जिले में बुजुर्गों के जीवन स्तर में सुधार के साथ-साथ समाज में उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को भी सुदृढ़ करेगी.
खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियां, गेमिंग जोन का ले सकेंगे आनंद
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके अनुभव, ज्ञान और संस्कार नई पीढ़ी को दिशा प्रदान करते हैं. उन्होंने कहा कि ‘सियान गुड़ी' जैसे केंद्र बुजुर्गों के जीवन में आत्मीयता, सम्मान और सक्रियता का नया वातावरण निर्मित करेंगे, क्योंकि यह जगह बुजुर्गों के लिए बनाई गई है जिससे वह अपना समय यहां आकर उपयोग कर सकते हैं.
उन्होंने कहा कि यहां पर उनके लिए सारी सुविधा दी गई है, क्योंकि बुजुर्ग एक उम्र के बाद बच्चों जैसे हरकतें करते हैं और घर परिवार के लोग उन्हें समय नहीं दे पाते.. इसलिए सियान गुडी में सभी बुजुर्ग आकर अपने स्वास्थ्य का परीक्षण, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियां, गेमिंग जोन का आनंद ले सकते हैं. उनकी देखभाल के लिए भी इस केंद्र में लोग मौजूद रहेंगे.
वहीं भोजराज नाग ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की सबसे बड़ी पूंजी हैं. उनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद से ही परिवार और समाज सुदृढ़ बनता है. उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा ही सच्चे अर्थों में ईश्वर की आराधना है.
वहीं मौके में पहुंचे अतिथियों ने वहां उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की. इस दौरान अतिथियों ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ कैरम खेलकर आत्मीय संवाद भी किया, जिससे केंद्र में उत्साहपूर्ण और पारिवारिक माहौल देखने को मिला. सभी मौके में मौजूद बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी भी देखने को मिली.