Chhattisgarh News: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नागपुर प्रवास के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) के धवईपानी (चिल्फी) से कवर्धा होते हुए सिमगा तक लगभग 122 किलोमीटर लंबे सेक्शन को 4-लेन में उन्नत करने तथा कवर्धा बायपास (4L+PS) के निर्माण की स्वीकृति का आग्रह किया है. केंद्रीय मंत्री ने प्रस्ताव को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया.
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि हाल ही में एनएच-30 के जबलपुर से मंडला एवं चिल्फी तक लगभग 160 किमी लंबे सेक्शन को 4-लेन में विकसित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है. वर्तमान में चिल्फी (धवईपानी) से कवर्धा तथा कवर्धा गुरूनाला से सिमगा तक का मार्ग 10 मीटर चौड़ाई की 2-लेन सड़क के रूप में निर्मित है.
चिल्फी से रायपुर मार्ग पर व्यावसायिक एवं भारी वाहनों का अत्यधिक आवागमन होता है. जबलपुर-मंडला-चिल्फी सेक्शन के 4-लेन बनने के बाद आगे के 2-लेन सेक्शन पर यातायात दबाव और बढ़ने की संभावना है. ऐसे में लोक सुरक्षा और यातायात सुगमता की दृष्टि से धवईपानी (चिल्फी) से सिमगा (रायपुर) तक पूरे खंड को 4-लेन में उन्नत करना आवश्यक बताया गया.

Deputy CM Vijay Sharma Meets Nitin Gadkari
अंतर्राज्यीय मार्ग की बढ़ती अहमियत
जबलपुर से रायपुर के मध्य एनएच-30 पर जिला कबीरधाम मुख्यालय कवर्धा स्थित है. यह अंतर्राज्यीय मार्ग व्यावसायिक, सामाजिक और राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मालवाहक वाहनों का आवागमन होता है.
कवर्धा बायपास निर्माण की भी मांग
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कवर्धा शहर में बढ़ते भारी यातायात के दबाव को कम करने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 4-लेन मय पेव्ड शोल्डर (4L+PS) बायपास निर्माण की मांग भी रखी. उनका कहना था कि बायपास बनने से शहर के भीतर दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी और यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा.

Deputy CM Vijay Sharma Meets Nitin Gadkari
रायपुर एयरपोर्ट पर दी जानकारी
नागपुर से लौटने के बाद रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए विजय शर्मा ने बताया कि सिमगा से रायपुर तथा धवईपानी से जबलपुर तक 4-लेन निर्माण के आदेश पूर्व में जारी हो चुके हैं, लेकिन धवईपानी से सिमगा तक का सेक्शन शेष रह गया था. इस महत्वपूर्ण खंड को भी 4-लेन में विकसित करने के लिए उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया, जिसे उन्होंने तत्काल स्वीकार करते हुए शीघ्र निर्माण का आश्वासन दिया.

Deputy CM Vijay Sharma Meets Nitin Gadkari
उपमुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की आवश्यकता को समझते हुए इस महत्वपूर्ण मार्ग को 4-लेन बनाने के लिए सकारात्मक सहमति प्रदान की गई है. इससे जबलपुर से रायपुर तक आमजन को निर्बाध 4-लेन मार्ग की सुविधा मिल सकेगी.