छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष गिरफ्तार, EOW ने कोयला लेवी मामले में की पूछताछ

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला लेवी मामले में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को ईओडब्ल्यू ने गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है. जांच एजेंसी कोयला लेवी, कथित वित्तीय लेन-देन, जब्त डायरी में दर्ज करोड़ों रुपये की एंट्री और अन्य मामलों की जांच कर रही है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
फाइल फोटो।

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला लेवी मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. जांच एजेंसी को शक है कि कोयला लेवी से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अन्य मामलों में उनकी भूमिका रही हो सकती है. बताया जा रहा है कि रामगोपाल अग्रवाल लंबे समय से जांच प्रक्रिया से दूर चल रहे थे. अब उनकी गिरफ्तारी के बाद इस मामले में कई नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

कोयला लेवी मामले में हुई कार्रवाई

आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने कोयला लेवी प्रकरण में कार्रवाई करते हुए कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया है. एजेंसी फिलहाल उनसे इस मामले में उनकी भूमिका, संपर्कों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ कर रही है.

Advertisement

लंबे समय से जांच के दायरे में थे

जांच एजेंसियों के अनुसार रामगोपाल अग्रवाल काफी समय से विवेचना से दूर चल रहे थे. इसी दौरान उनके खिलाफ विशेष अदालत से स्थायी वारंट भी जारी किया गया था. इसके बाद ईओडब्ल्यू ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया.

जांच के दौरान पहले जब्त की गई एक डायरी में कांग्रेस भवन के नाम पर करोड़ों रुपये की एंट्री मिलने की बात सामने आई थी. अब ईओडब्ल्यू इसी संबंध में रामगोपाल अग्रवाल से पूछताछ कर रही है. एजेंसी यह जानने की कोशिश कर रही है कि इन वित्तीय लेन-देन का वास्तविक स्वरूप क्या था और इनका स्रोत कहां से जुड़ा था.

शराब और धान मामलों पर भी जांच

सूत्रों के मुताबिक, ईओडब्ल्यू सिर्फ कोयला लेवी मामले तक ही सीमित नहीं है. एजेंसी शराब और धान से जुड़े मामलों में भी पूछताछ करने की तैयारी में है. इन मामलों में भी करोड़ों रुपये कांग्रेस भवन तक पहुंचने के तथ्यों की जांच की जा रही है.

बेटे से भी हुई थी पूछताछ

रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी से पहले ईओडब्ल्यू ने पिछले दो दिनों में उनके बेटे वैभव अग्रवाल से भी पूछताछ की थी. जांच एजेंसी ने कई दस्तावेजों और अन्य जानकारियों के आधार पर उनसे सवाल किए थे. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान प्राप्त दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तथ्यों का विश्लेषण किया जा रहा है. जांच में जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. 

Advertisement