School Bus Accident Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के बालोद में दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जहां छिंदगांव के आगे मरारटोला गांव के पास आजाद पब्लिक स्कूल, डौंडी का स्कूल वाहन पुलिया से नीचे गिर गया. इस दुर्घटना में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 से अधिक बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं. हादसा उस समय हुआ जब स्कूल की छुट्टी के बाद वाहन बच्चों को घर छोड़ने जा रहा था. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सदमे और चिंता का माहौल है.
मिली जानकारी के मुताबिक, आजाद पब्लिक स्कूल, डौंडी का फोर्स वाहन मरारटोला के पास पुल पर अनियंत्रित हो गया और नीचे जा गिरा. उस समय वाहन में 15 से अधिक स्कूली बच्चे सवार थे. अचानक हुए इस हादसे ने सबको हैरान कर दिया और मौके पर चीख-पुकार मच गई.
कुछ बच्चों की हालत गंभीर
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की. सभी घायल बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डौंडी ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं.
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी फैल गई. मासूम बच्चों और उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है, लोग अस्पताल और मौके दोनों जगह बेचैनी के साथ हालात की जानकारी लेते नजर आए.
चालक को लेकर सवाल
प्राथमिक जानकारी में यह बात सामने आ रही है कि वाहन निर्धारित चालक के बजाय किसी अन्य व्यक्ति द्वारा चलाया जा रहा था. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. अगर यह तथ्य सही पाया जाता है, तो इसे स्कूल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही माना जाएगा.
पुलिस जांच में जुटी
डौंडी पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. वाहन को जब्त कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की तलाश की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच होगी और लापरवाही साबित होने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.