विज्ञापन

CG Police: जिसे करनी थी कानून की पहरेदारी, वह सिपाही सड़क पर नशे में मिला धुत, वीडियो वायरल

Chhattisgarh Police News: खल्लारी थाने में पदस्थ आरक्षक लाल सिंह बाकरे महासमुंद से मेडिकल कॉलेज मोड़ की ओर पहुंचे. बताया जा रहा है कि इस दौरान वह लड़खड़ाते हुए एक ठेले के पास बैठ गया और कुछ देर

CG Police: जिसे करनी थी कानून की पहरेदारी, वह सिपाही सड़क पर नशे में मिला धुत, वीडियो वायरल
जिसे करनी थी कानून की पहरेदारी, वह सिपाही सड़क पर नशे में मिला धुत, वीडियो वायरल
Krishnanad Dubey

Chhattisgarh Police News: छत्तीसगढ़ के महासमुंद (Mahasamund) जिले से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वीडियो में एक वर्दीधारी आरक्षक सड़क किनारे नशे की हालत में धुत होकर झूमता मिला. उसने इतनी शराब पी रखी थी कि उसका अपने शरीर पर भी काबू नहीं था. वायरल वीडियो  में कभी वह लेटता हुआ हुआ दिखाई दे रहा है, तो कभी सड़क पर ही सोता हुआ दिखाई दे रहा है.  यह दृश्य शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से जुड़े जिला अस्पताल जाने वाली सड़क का बताया जा रहा है.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 9 फरवरी की सुबह लगभग 11 बजे खल्लारी थाने में पदस्थ आरक्षक लाल सिंह बाकरे महासमुंद से मेडिकल कॉलेज मोड़ की ओर पहुंचे. बताया जा रहा है कि इस दौरान वह लड़खड़ाते हुए एक ठेले के पास बैठ गया और कुछ देर बाद उसी जगह सड़क पर ही लेट गया. इस दौरान आने-जाने वाले लोग यह दृश्य देखते रहे, लेकिन कोई हस्तक्षेप करने की हिम्मत नहीं जुटा सका. लगभग आधे घंटे तक आरक्षक वहीं पड़ा रहा. बाद में एक व्यक्ति ने उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन वे खड़े होने में भी असमर्थ दिखा. इस दौरान उनके पैर से जूता भी निकल गया था.

पुलिसकर्मी ने कराया मेडिकल परीक्षण

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और संबंधित आरक्षक को मेडिकल कॉलेज ले जाकर चिकित्सीय परीक्षण कराया गया. मामले में मीडिया से बात करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में आई है. मेडिकल परीक्षण में शराब सेवन की पुष्टि हुई है और संबंधित आरक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

आदर्श वाक्य बनाम जमीनी हकीकत

छत्तीसगढ़ पुलिस का आदर्श वाक्य “परित्राणाय साधूनाम्” यानी सज्जनों की रक्षा है. लेकिन जब कानून व्यवस्था संभालने वाला ही नशे की हालत में सार्वजनिक स्थान पर मिले, तो यह छवि पर गहरा असर डालता है. एक ओर पुलिस अवैध नशे के खिलाफ अभियान चलाती है. वहीं, दूसरी ओर वर्दीधारी कर्मचारी का ऐसा व्यवहार विभाग की साख पर सवाल उठाता है.

यह भी पढ़ें- जांजगीर चांपा के शिवरीनारायण मेला में बड़ा हादसा, आकाश झूला टूटने से 6 लोग नीचे गिरे, तीन घायल

घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस पर लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि अनुशासन के लिए जानी जाने वाली पुलिस अपने ही कर्मचारी के खिलाफ कितनी सख्ती से कार्रवाई करती है.

यह भी पढ़ें- Bilaspur News: प्रेमी की मौत का सदमा नहीं झेल पाई नाबालिग, की आत्महत्या; रिश्तेदार के घर रह रही थी किशोरी

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close