विज्ञापन

3 दिन तक नहीं बदलेगा छत्तीसगढ़ का तापमान, राजस्थान से आ रही हवाओं का असर

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का असर अगले तीन दिनों तक बना रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहेगा. राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के कारण रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में लू चलने की संभावना है.

3 दिन तक नहीं बदलेगा छत्तीसगढ़ का तापमान, राजस्थान से आ रही हवाओं का असर

Chhattisgarh Heatwave News: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले तीन दिनों तक प्रदेश के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. राजस्थान से लगातार आ रही गर्म हवाओं के कारण दिन के साथ‑साथ रात की गर्मी भी लोगों को परेशान कर रही है. हालात ऐसे हैं कि अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है.

राजस्थान की गर्म हवाओं से बढ़ी तपन

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राजस्थान की ओर से चल रही शुष्क और गर्म हवाओं का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर साफ दिख रहा है. इसी वजह से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और लू जैसे हालात बने हुए हैं. अगले तीन दिनों तक यही स्थिति बनी रहने की संभावना है.

अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक जाने के आसार

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ का अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री के आसपास बना रहेगा, जिससे रात में भी राहत नहीं मिल पाएगी. रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के जिलों में लू चलने की आशंका जताई गई है. खासतौर पर खुले इलाकों और सड़कों पर दोपहर के समय तेज गर्म हवा लोगों को झुलसा सकती है. प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.

दोपहर 12 से 4 बजे तक सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच खास तौर पर सावधान रहने को कहा है. इस दौरान अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, सिर ढंककर रखने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है.

मौसम वैज्ञानिक ने क्या कहा

छत्तीसगढ़ में मौसम के ताजा हालात को लेकर संवाददाता निलेश त्रिपाठी ने मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के मौसम वैज्ञानिक वी.के. चेंदालेरू से बातचीत की. उनका कहना है कि फिलहाल गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं और आने वाले तीन दिन कड़ी सतर्कता बरतने की जरूरत है.

गर्मी से खुद को ऐसे रखें सुरक्षित

डॉक्टर और विशेषज्ञों की सलाह है कि लोग हल्का भोजन करें, धूप में निकलने से बचें और बच्चों व बुजुर्गों का खास ख्याल रखें. लगातार बढ़ती गर्मी के बीच सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com