विज्ञापन

सिलेंडर युग को अलविदा, मनेंद्रगढ़ में शुरू हुआ छत्तीसगढ़ का पहला नेचुरल गैस पाइपलाइन प्लांट

छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) द्वारा नेचुरल गैस पाइपलाइन प्लांट का उद्घाटन किया गया. यह प्रदेश का पहला नेचुरल गैस पाइपलाइन प्लांट है, जिसकी लागत लगभग 1125 करोड़ रुपये है.

सिलेंडर युग को अलविदा, मनेंद्रगढ़ में शुरू हुआ छत्तीसगढ़ का पहला नेचुरल गैस पाइपलाइन प्लांट

Chhattisgarh Hindi News: भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल, BPCL) द्वारा मनेंद्रगढ़ शहर में नेचुरल गैस पाइपलाइन प्लांट (Natural Gas Pipeline Plant) का विधिवत उद्घाटन किया गया. यह परियोजना छत्तीसगढ़ राज्य के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि यह प्रदेश का पहला नेचुरल गैस पाइपलाइन प्लांट है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना के माध्यम से न केवल मनेंद्रगढ़ बल्कि पूरे सरगुजा संभाग के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार, लगभग 1125 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस परियोजना के तहत सरगुजा संभाग के पांच जिलों में पाइपलाइन के जरिए प्राकृतिक गैस की आपूर्ति की जाएगी. इसके लिए क्षेत्र में कुल 54 सब-स्टेशन स्थापित किए जाएंगे जहां से आवासीय घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य उपभोक्ताओं तक सीधे पाइप के माध्यम से गैस पहुंचाई जाएगी.

Latest and Breaking News on NDTV

समय और मेहनत दोनों की बचत

इस परियोजना के लागू होने से आम नागरिकों को गैस सिलेंडर की बुकिंग, ढुलाई और बार-बार बदलने की झंझट से राहत मिलेगी. पाइपलाइन के जरिए घरों तक गैस पहुंचने से समय और श्रम दोनों की बचत होगी. साथ ही यह व्यवस्था अधिक सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल मानी जा रही है. उपभोक्ताओं को केवल उतनी ही गैस का भुगतान करना होगा, जितनी गैस वे वास्तव में उपयोग करेंगे जिससे मासिक खर्च भी अधिक पारदर्शी और नियंत्रित रहेगा.

प्रदूषण में आएगी कमी

स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी और क्षेत्र में हरित विकास को बढ़ावा मिलेगा. उद्घाटन समारोह के दौरान प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) द्वारा विकसित भारत 2047 की, जो परिकल्पना की गई है. यह परियोजना उसी सोच को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

उन्होंने कहा कि नेचुरल गैस जैसी स्वच्छ ऊर्जा भविष्य की जरूरत है और इसके विस्तार से औद्योगिक, व्यावसायिक और घरेलू सभी क्षेत्रों को लाभ मिलेगा. मंत्री जायसवाल ने मनेंद्रगढ़ को इस परियोजना के लिए चुने जाने पर शहरवासियों, जिलेवासियों और विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को बधाई दी और विश्वास जताया कि यह परियोजना क्षेत्र के शहरी विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जीवन स्तर में सुधार का मजबूत आधार बनेगी.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close