कलयुगी पिता ने 5 साल के बेटे को नहर में डुबोया, पारिवारिक विवाद में उठाया कदम

छत्तीसगढ़ के पामगढ़ क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक कलयुगी पिता द्वारा अपने 5 वर्षीय बेटे को नहर में डुबोकर हत्या करने का मामला सामने आया है. आरोपी रेशमलाल यादव ने देर रात बेटे को लेकर घर से निकला और भिलौनी की नहर में उसकी जान ले ली.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Chhattisgarh Child Murder Case: छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसों से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. एक पिता ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने ही 5 साल के बेटे को नहर में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया. यह घटना न सिर्फ रिश्तों को कलंकित करती है, बल्कि इंसानियत को भी शर्मसार कर देने वाली है.

पारिवारिक कलह बना हत्या की वजह

आरोपी रेशमलाल यादव की शादी 2018 में हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही पति‑पत्नी के बीच लगातार विवाद और मारपीट की घटनाएं बढ़ने लगीं. हालात इतने बिगड़ गए कि पत्नी दो बेटियों को लेकर अपने मायके ग्राम भिलौनी में रहने लगी. वहीं उनका बेटा आयुष यादव (5) पिता के साथ ग्राम भैंसों में ही रह रहा था.

Advertisement

बेटे की हत्या की देता था धमकी

पत्नी से अलग रहने के बाद रेशमलाल अपनी पत्नी को अकसर फोन कर धमकी देता था कि वह बेटे आयुष को मार डालेगा. पीड़ित पत्नी कई बार उसे समझाती रही, लेकिन पारिवारिक तनाव लगातार बढ़ता गया. पत्नी को आरोपी की नीयत पर संदेह था, लेकिन शायद उसने कभी कल्पना भी नहीं की होगी कि वह सच में ऐसा कदम उठा लेगा.

रात में ले गया और नहर में डुबो दिया

13 मार्च की शाम आरोपी अपने बेटे आयुष को लेकर घर से निकला था. सुबह तक बच्चा घर नहीं लौटा. 14 मार्च की देर रात करीब 1 बजे उसने ग्राम भिलौनी की नहर में बेटे को डुबोकर जान ले ली. इसके बाद रात करीब 2 बजे वह अपनी पत्नी के घर पहुंचा और खुद ही पूरे घटनाक्रम को बताते हुए कहा कि उसने बेटे की हत्या कर दी है.

पुलिस के सामने आरोपी को दबोचा 

पत्नी द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद पामगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी रेशमलाल यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने बेटे की हत्या की बात स्वीकार कर ली. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है.