विज्ञापन
This Article is From Jan 22, 2026

नौवीं की छात्रा हेमाद्री चौधरी को मिलेगा राज्य वीरता पुरस्कार, तालाब में डूबते बच्चे की यूं बचाई थी जान

बालोद जिले की कक्षा नौवीं की छात्रा हेमाद्री चौधरी ने तालाब में डूबते पहली कक्षा के बच्चे की जान बचाकर अद्भुत साहस का परिचय दिया. उनके इस कार्य के लिए राज्य सरकार 26 जनवरी 2026 को उन्हें राज्य वीरता पुरस्कार से सम्मानित करेगी.

नौवीं की छात्रा हेमाद्री चौधरी को मिलेगा राज्य वीरता पुरस्कार, तालाब में डूबते बच्चे की यूं बचाई थी जान

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले की एक नन्ही छात्रा ने अपने साहस से न सिर्फ एक मासूम की जान बचाई, बल्कि पूरे प्रदेश में मिसाल कायम कर दी. कक्षा नौवीं की छात्रा हेमाद्री चौधरी को अब राज्य वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा.

दशहरा की तैयारी के बीच हादसा

दरअसल, 2 अक्टूबर 2025 को जब पूरा गांव दशहरा पर्व की तैयारी में जुटा था, तभी बालोद जिले के अर्जुन्दा से लगे ग्राम मटिया के तालाब में खेलते-खेलते पहली कक्षा का एक छात्र अचानक गिर गया और डूबने लगा. बच्चे का भाई मदद के लिए चीखता रहा. एक युवक से मदद मांगी गई, लेकिन उसने तालाब में उतरने से इनकार कर दिया. 

Latest and Breaking News on NDTV

बिना डरे तालाब में कूदी हेमाद्री

हालात बेहद गंभीर थे और बच्चे की जान खतरे में थी. इसी बीच कक्षा नौवीं की छात्रा हेमाद्री चौधरी बिना एक पल गंवाए आगे बढ़ी. न अपनी जान की चिंता की और न ही किसी मदद का इंतजार किया. हेमाद्री सीधे तालाब में कूद गई और संघर्ष करते हुए डूबते बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लाई.

साहस को मिला सम्मान

हेमाद्री की बहादुरी से बच्चे की जान बच गई और पूरे गांव ने राहत की सांस ली. इस साहसिक कार्य के लिए पहले बाल दिवस पर स्कूल में उन्हें सम्मानित किया गया. अब राज्य शासन ने उनके अदम्य साहस को मान्यता देते हुए राज्य वीरता पुरस्कार 2025 देने का निर्णय लिया है, जो 26 जनवरी 2026 को राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में प्रदान किया जाएगा.

प्रशासन और शिक्षकों ने की सराहना

हेमाद्री की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं. वहीं बालोद जिला कलेक्टर आईएएस दिव्या उमेश मिश्रा ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि ऐसा साहस पूरे समाज और खासकर बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत है. हेमाद्री की शिक्षिका पुष्पा चौधरी ने बताया कि हेमाद्री शुरू से ही साहसी और जिम्मेदार छात्रा रही है और आज उसने पूरे जिले का नाम रोशन किया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com